अगर राष्ट्रपति बना तो शपथ लेने के दूसरे दिन ही सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग नहीं होने दूंगा: यशवंत सिन्हा 


जयपुर। यूपीए और विपक्ष के संयुक्त राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने वादा किया कि अगर राष्ट्रपति बना तो शपथ लेने के दूसरे दिन ही सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि 5 साल तक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद खामोश रहे। जिस तरह का माहौल देश में बना हुआ है उस पर राष्ट्रपति को बोलना चाहिए था। कांग्रेस विधायकों का समर्थन लेने जयपुर आए यशवंत सिन्हा ने यह भी कहा कि वह जिस भाजपा में थे वह भाजपा अब मर चुकी है।

सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव असाधारण परिस्थिति में हो रहा है। आज देश मे घृणा का माहौल है। यह माहौल केंद्र सरकार कर रही है, ये मेरा सीधा आरोप है। समाज मे हिंसक वातावरण है। देश के बंटवारे में भी समाज इतना नहीं बंटा था, जितना आज बंटा हुआ है। 

उन्होंने कहा कि एक नया खेल देश मे देख रहे हैं वो है चुनी हुई सरकारों को गिराओ। ये कमजोर कड़ी की रेकी करते हैं। फिर एक एक करके सरकारों को गिराते हैं। अभी महाराष्ट्र में देखा। अब गोवा में कांग्रेस को तोड़ रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रपति बना तो शपथ लेने के दूसरे दिन की सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग नहीं होने देंगे। 

सिन्हा ने सीएम गहलोत से कहा कि उन्होंने सरकार तो बचा ली लेकिन उन्हें सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के पहले ऐसा खेल क्यों हो रहा है, जबकि वो जीत का दावा कर रहे हैं। कह रहे हैं कि यशवंत सिन्हा हारा हुआ है, लेकिन यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि राष्ट्रपति चुनाव में संख्या बढाई जा सके। सिन्हा ने यह तक कह डाला कि चुनाव के बाद मेरा हश्र क्या होगा यह मुझे भी पता नहीं है। उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी की वर्तमान परिस्थिति पर अफसोस जताया।