मास्क लगाओ... कोविड फैल रहा... ये सब बहाने हैं, हम कश्मीर तक जाएंगे : राहुल गांधी


चंडीगढ़। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान से हरियाणा पहुंच चुकी है। यहां भाषण देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यात्रा रोकने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अब नया फाॅर्मूला निकाला है। मुझे चिट्‌ठी लिखी है कि मास्क लगाओ... कोविड फैल रहा है। ये सब यात्रा रोकने के हथकंडे हैं। हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी।  उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने 20 दिसंबर को राहुल गांधी को चिट्‌ठी लिखी थी। उन्होंने राहुल से यात्रा रोकने की अपील की थी। मांडविया ने कहा था कि देश में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, हेल्थ इमरजेंसी के हालात हैं। देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा रोक दें।

हरियाणा में यात्रा के दूसरे दिन भाषण में राहुल ने यह भी कहा

हरियाणा में यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी नूंह के ऐतिहासिक गांधीग्राम (घासेड़ा) पहुंचे। यहां पर राहुल गांधी के पैरों में पट्‌टी बंधी दिखी। राहुल गांधी 106 दिन से पैदल यात्रा कर रहे हैं। यहां लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यहां कहा कि यात्रा में हम 100 दिन से ज्यादा चले हैं। इसमें हिंदू, मुसलमान, सिख व ईसाई सब चले हैं। इसमें किसी ने किसी से नफरत नहीं की। किसी ने यह नहीं पूछा कि तुम्हारा धर्म क्या है? जाति क्या है? सबने एक-दूसरे का सम्मान किया और गले लगे। हमें आरएसएस और नरेंद्र मोदी का नफरत का हिंदुस्तान नहीं चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्लियामेंट में माइक ऑफ कर देते हैं। इसलिए यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक करनी पड़ी। इस यात्रा में जो हमे सीखने को मिला वह गाड़ी या हेलिकॉप्टर में सीखने को नहीं मिलता। राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी का आप चरित्र समझिए जैसे ही उनके सामने कोई खड़ा हो जाता है, वो उल्टे घूम कर भागना शुरू कर देते हैं। आप पहचानों कि वह मुकाबला नहीं करते भाग जाते हैं। सब पर लगाम लगा रखी है। इसीलिए वह कभी मीडिया के सामने भी नहीं आते। यह आरएसएस के सब लोगों में है। वह लोगों से डरते हैं। इसलिए कभी सामना नहीं कर सकते।