यूडीएच प्रमुख शासन सचिव टी.रविकांत ने किया झोटवाडा आरओबी, IPD टावर, जवाहर सर्किल पर सौंदर्यीकरण कार्यों एवं बी-2 बाईपास ट्रेफिक जंक्शन का निरीक्षण


जयपुर। राजस्थान सरकार के नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत लगातार एक्टिव बने हुए हैं। पद संभालने के साथ ही प्रदेश के चहुंमुखी विकास को लेकर गंभीर टी. रविकांत ने शनिवार को राजधानी जयपुर में अधूरे पड़े विकास कार्यों को गति देने और जल्द से जल्द पूरा करने के लिए शहर का जायजा लिया। जेडीसी मंजू राजपाल के साथ झोटवाडा आरओबी, आईपीडी टावर, जवाहर सर्किल पर सौंदर्यीकरण कार्यों एवं बी 2 बाईपास ट्रेफिक जंक्शन का निरीक्षण किया।  झोटवाडा आरओबी एवं जवाहर सर्किल पर सौंदर्यीकरण कार्यों का लोर्कापण जल्द किया जायेगा। प्रमुख शासन सचिव - यूडीएच  एवं जेडीसी ने झोटवाड़ा आरओबी का निरीक्षण किया। उन्होंने झोटवाड़ा आरओबी की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित गति से प्रोजेक्ट पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आईपीडी टावर की 13वी मंजिल से प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने आईपीडी टॉवर के कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्डियोलॉजी टावर का निरीक्षण भी किया।

प्रमुख शासन सचिव - यूडीएच एवं जेडीसी ने जवाहर सर्किल पर सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने वॉकिंग ट्रेक को बारीकी से देखा। उन्होंने प्रोजेक्ट के शेष रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर करने के निर्देश दिए। प्रमुख शासन सचिव - यूडीएच एवं जेडीसी ने अभियांत्रिकी प्रथम एवं निर्माणकर्ता एजेंसियों से प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में आ रही कठिनाईयों से अवगत हुए। कार्य तीव्रगति से करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। 

उल्लेखनीय है कि आईपीडी टावर के साथ ही एसएमएस अस्पताल में इन्टीट्यूट ऑफ़ कार्डियोवस्कुलर साइंसेज का भी निर्माण किया जा रहा है। इस बिल्डिंग में आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए 16 लिफ्ट के साथ दो मंजिल पर पार्किंग विकसित की जाएगी। 

इस परियोजना में 20 ऑपरेशन थिएटर, 100 ओपीडी काउंटर, दो मंजिला बेसमेंट, 1200 बेड, एयर एम्बुलेंस के लिए छत पर हेलीपेड, पहली मजिल पर संगोष्ठी कक्ष, मेडिकल साइंस गैलरी एडमिशन ब्लॉक, दूसरी मंजिल पर रेडियोलॉजी सेवा, डायग्नोस्टिक, एमआरआई सिटी स्कैन, तीसरी मजिल पर छह आईसीयू वार्ड और संबंधित सेवाएं, चौथी मजिल पर पोस्ट और प्रीआपरेटिव वार्ड, न्यूक्लियर मेडिसन, लैब एरिया साथ ही जनरल वार्ड, कॉटेज और डीलक्स रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उल्लेखनीय है कि झोटवाडा आर.ओ.बी. कालवाड़ रोड़ पर बनाया जा रहा है। नवीन तीन लेन झोटवाड़ा आर.ओ.बी. का निर्माण अम्बाबाड़ी तक किया जा रहा है। इस नवीन आर.ओ.बी. के निर्माण से आर.ओ.बी. 6 लेन का हो जायेगा व झोटवाड़ा क्षेत्र के निवासियों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी। उक्त आर.ओ.बी. की कुल लम्बाई 2450 मीटर है। प्रोजेक्ट के फेज - l का कार्य पूर्ण किया चुका है।

उल्लेखनीय है कि जवाहर सर्किल, जयपुर पर प्रतिदिन लगभग 2.00 लाख के मध्य वाहनों का अवागमन रहता है। कार्य में पदयात्रियों एवं साईकिल सवार हेतु 03 सब-वे (प्रत्येक सब-वे में 10 दुकान का निर्माण) एवं एयरपोर्ट रोड के सामने मॉन्यूमेन्ट का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है इसके अतिरिक्त जवाहर सर्किल की बाहरी परिधि पर साईकिल ट्रैक, पार्किंग एवं सौन्दर्यीकरण के साथ विधुतीकरण के कार्य भी प्रस्तावित है। इस कार्य की अनुमानित लागत राशि रू. 35.00 करोड है।

IAS T ravikanth IAS Manju Rajpal

बी-2 बाईपास जंक्शन टोंक रोड पर एक प्रमुख जंक्शन है जो कि दुर्गापुरा को सांगानेर, प्रतापनगर एवं सीतापुरा औधोगिक क्षेत्र से जोडता है। इसके अतिरिक्त यह जंक्शन होटल, वैवाहिक स्थल, व्यावसायिक क्षेत्र, हॉस्पिटल एवं हवाई अड्डे आदि स्थित है। वर्तमान में इस जंक्शन पर व्यस्ततम समय में ट्रैफिक जाम की बहुत बडी समस्या रहती है जिससे समय के साथ-साथ ईंधन की भी बर्बादी होती है। कार्य में जवाहर सर्किल से मानसरोवर की तरफ अण्डरपास एवं टोंक रोड पर बजरी मंडी एवं रामदास अग्रवाल तिराहे पर क्लोवर लीफ के निर्माण के साथ सब-वे, विधुतीकरण एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इस कार्य की अनुमानित लागत राशि रू. 145.00 करोड है।
 
निरीक्षण के दौरान निदेशक अभियांत्रिकी प्रथम अशोक चौधरी, जेडीए के वरिष्ठ एवं प्रोजेक्ट्स से संबंधित अधिकारियों उपस्थित थे।