मुख्यमंत्री ने किया निर्माणाधीन आईपीडी टावर का अवलोकन, आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से युक्त आईपीडी टावर में 126 आईसीयू बेड्स सहित 1243 बेड्स होंगे


जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को एसएमएस अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 24 मंजिला आईपीडी टावर का अवलोकन किया। आईपीडी टावर के आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया ने बताया कि देश के सबसे बड़े आईपीडी टावर के प्रथम चरण का निर्माण कार्य अत्याधुनिक तरीके से किया जा रहा है। आईपीडी टावर की नींव एवं भूतल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। टावर के मुख्य ढांचे को बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। निर्माण में स्टील बेस्ड ढांचा उपयोग में लिया जा रहा है ताकि निर्माण कार्य तेजी से और गुणवत्तापूर्वक पूरा हो सके।

तेजी से आकार ले रहा विश्वस्तरीय आईपीडी टावर

विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाओं से युक्त आईपीडी टावर में 1243 बेड्स, 10 ऑपरेशन थियेटर, 6 आईसीयू वार्ड, 4 कैथलैब, 100 ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर होंगे। आईपीडी टावर में माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी, रेडियोडायग्नोसिस, बायोकेमिस्ट्री विभागों की सेवाओं सहित न्यूक्लियर मेडिसन, क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी एवं रूमेटोलॉजी आदि नवीन विभाग भी होंगे। टावर के भूतल में अत्याधुनिक मोर्चरी का निर्माण होगा। प्रथम चरण में 12 मंजिल तक का निर्माण एवं हेलीपैड बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में आईपीडी टावर बनाने की घोषणा की थी ताकि कोई भी मरीज गुणवत्तापूर्ण उपचार से वंचित ना हो और सरकारी अस्पताल में ही बेहतरीन इलाज मिल सके। टावर के निर्माण से प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से आने वाले मरीजों को भी अच्छा इलाज मिल सकेगा।