श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का हार्ट अटैक से निधन


जयपुर। राजस्थान के राजपूत समाज का एक बड़ा नाम लोकेंद्र सिंह कालवी अब हमारे बीच नहीं रहे हैं। श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक और समाज सेवी लोकेन्द्र सिंह कालवी का सोमवार देर रात एसएमएस अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर के बाद लगातार शोक संदेश जारी किए जा रहे हैं। कई प्रबुद्धजन और विद्वानों ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। राजनीतिक गलियारों से भी लगातार शोक संदेश जारी किए जा रहे हैं।

बता दें कि सोमवार रात को कालवी को कार्डियक अरेस्ट पड़ गया और उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार लोकेन्द्र सिंह कालवी का अंतिम संस्कार मंगलवार को नागौर जिले के उनके पैतृक गांव कालवी में किया जाएगा। कालवी के निधन की जानकारी मिलने से राजपूत समाज में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक गांव पहुंच रहे हैं।

कोन थे कालवी?

लोकेन्द्र सिंह कालवी ने भारत में जाति आधारित आरक्षण का पुरजोर विरोध किया था। इसे लेकर साल 2006 में कालवी ने श्री राजपूत करणी सेना की स्थापना की। कालवी को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का कड़ा विरोधी माना जाता था। उन्होंने राजे के पहले कार्यकाल के दौरान सरकार की नीतियों और योजनाओं के खिलाफ कई प्रदर्शन किए। उन्होंने भारत में जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था का विरोध किया था। लोकेन्द्र सिंह कालवी ने 2003 में देवी सिंह भाटी के साथ मिलकर सामाजिक न्याय मंच बनाया। सामाजिक न्याय मंच के जरिए सवर्ण आरक्षण की मांग के साथ राजनीतिक भागीदारी की मुहिम भी तेज की उपेक्षित को आरक्षण और आरक्षित को सरंक्षण के नारे से पूरे प्रदेश में मुहिम चलाई। लोकेन्द्र सिंह कालवी साल 2008 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे। साल 2014 में लोकसभा चुनाव से पहले बसपा में चले गए थे लेकिन जल्द ही उनका मोहभंग हो गया। पिछले लंबे अरसे से राजनीति से उनका मोहभंग हो गया था, वे पूरी तरह सामाजिक कामों में व्यस्त हो गए थे।