नई दिल्ली. नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला का मंगलवार को लोकसभा में दिया गया बयान देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में शामिल होते हुए सरकार कोे जम्मू.कश्मीर के लोगों को दिल से लगाने और प्रदर्शनकारी किसानों को सुनने का आग्रह किया. और इस आग्रह के दौरान कहा कि भगवान राम हम सबके हैं और अगर अल्लाह एवं भगवान में फर्क किया गया तो यह देश टूट जाएगा. लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए और सत्ता पक्ष से मुखातिब होते उन्होने कहा कि भगवान और अल्लाह एक हैं. अगर फर्क करेंगे तो देश को तोड़ देंगे. अगर आपने कोई गलती की तो हम आपको सही करेंगे और हम गलती करेंगे तो आप सही करेंगे. इसी तरह देश चलता है.
अब्दुल्ला ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए यह भी कहा कि आज हमें आप पाकिस्तानी कहते हैं, खालिस्तानी कहते हैं, चीनी कहते हैं, लेकिन मैं बता दूं कि मुझे मरना यहां है, जीना यहां है, मैं किसी से नहीं डरता. मुझे सिर्फ ऊपर वाले को जवाब देना है. साथ ही कहा कि राम तो विश्व के राम हैं. अगर वो विश्व के राम हैं तो हम सबके राम हैं. कुरान सिर्फ हमारा नहीं सबका है. बाइबल सबका है. लोकसभा सदस्य ने सत्तापक्ष के लिए कहा हमने आपको कभी दुश्मन नहीं माना. आपको अपना हिस्सा माना. अब जब विपक्ष में होंगे तो आपका सम्मान करेंगे और आपसे ज्यादा करेंगे.
उनका यह बयान आज राजनीतिक गलियारों के साथ देशभर में चर्चा का विषय बना रहा और लोग अपने अपने मायने भी इन बयानों के निकालते रहे.
