नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन (Republic Day Violence) किसानों की ट्रैक्टर रैली (Kisan Andolan) के दौरान लाल किला (Lal Qila Violence) पर हिंसा के मामले में मुख्य आरोपी दीप सिद्धू (Deep Sidhu) को गिरफ्तार कर लिया गया है. दीप सिद्धू पर दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. सिद्धू को स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया. वो लगातार फरार चल रहा था.
बता दें कि कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को असफल करने के मकसद से ही पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू ने 26 जनवरी को लाल किले में झंडा फहराने के लिए किसान युवाओं को भड़काया था. इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस के साथ किसानों का टकराव भी हुआ था. इसके बाद किसानों ने दीप सिद्धू का विरोध किया तो वह दिल्ली से भागकर राजपुरा के शंभू बार्डर के नजदीक स्थित अपने दोस्त के होटल में पहुंचा था. सूत्रों की मानें तो वह 26 जनवरी की रात होटल में रुकने के बाद 27 जनवरी की सुबह सिद्धू सड़क मार्ग से मुंबई चला गया था. दीप सिंधु ने पंजाब में सनी देओल के समर्थन में प्रचार-प्रसार भी किया था. दीप सिद्धू का नाम चर्चा में आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी उनकी तस्वीरें वायरल हुई थी.