भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन के मामले में राजस्थान एसीबी ने तोड़ा एक और रिकॉर्ड, इस वर्ष अक्टूबर माह तक 425 प्रकरण में की कार्रवाई


जयपुर। राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने इस वर्ष अक्टूबर माह तक 425 प्रकरण पी.सी. एक्ट के तहत पंजीकृत किए हैं। इनमें 390 ट्रेप, 18 आय से अधिक संपत्ति तथा 17 प्रकरण पद के दुरुपयोग के सम्मलित हैं। इससे पहले वर्ष 2021 में 414 प्रकरण पंजीबद्ध हुए थे, जबकि वर्ष 2020 में 253 प्रकरण पी.सी. एक्ट के पंजीबद्ध हुए थे। ट्रेप की संख्या 390 इस अवधि की अब तक की सर्वाधिक है। यह संख्या वर्ष 2020 व 2021 में क्रमश: 225 व 361 थी। इस वर्ष अब तक 549 प्रकरणों में एसीबी मुख्यालय द्वारा निस्तारण आदेश अनुसंधान पूर्ण होने के उपरान्त दिए गए हैं। यह संख्या वर्ष 2020 में 189 व 2021 में 614 प्रकरणों की थी।

बता दें कि राजस्थान एसीबी के डीजी बीएल सोनी के निर्देशन में राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने अपने इतिहास का अब तक का सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस दिया है। और यही कारण है कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लगातार रिकॉर्ड तोड़  ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है।

गौर करने वाली बात है कि न्यायालय में अनुसंधान पूर्ण होकर प्रस्तुत किए गए अंतिम प्रतिवेदनों में भी इस अवधि में कीर्तिमान स्थापित हुआ है। अब तक 490 प्रकरणों में अंतिम नतीजा प्रस्तुत किया गया, जिनमें 383 चालान व 107 एफ.आर. सम्मलित है। वर्ष 2020 में इसी अवधि में 217 प्रकरणों में तथा 2021 में 382 प्रकरणों में अंतिम नतीजा अनुसंधान प्रस्तुत किया गया।