वस्‍त्र मंत्रालय ने 'तकनीकी वस्त्रों के लिए मानकों और विनियमों पर छठा राष्ट्रीय सम्मेलन' आयोजित किया


नई दिल्ली। वस्‍त्र मंत्रालय ने अपनी प्रमुख योजना राष्ट्रीय तकनीकी वस्‍त्र मिशन (एनटीटीएम) के तहत आज दिल्ली में फिक्की और बीआईएस के सहयोग से मानकों और विनियमनों पर छठे राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें भारत में तकनीकी वस्त्रों के लिए मानकों, गुणवत्ता नियमों और एचएसएन कोड के युक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया गया। इस कार्यक्रम में तकनीकी वस्त्रों के विशेष क्षेत्रों जैसे सुरक्षात्मक वस्त्र, भू-टेक्सटाइल, बिल्ड टेक, ओकोटेक, चिकित्सीय वस्त्र और तकनीकी वस्त्र के अन्य उभरते क्षेत्रों के तहत मानकों और विनियमनों पर ध्यान केंद्रित किया गया। कार्यक्रम में 5 तकनीकी सत्र शामिल थे। एक विशेष सत्र में एचएसएन कोड और मानकों के युक्तिकरण और क्यूसीओ के कार्यान्वयन पर भी विचार-विमर्श हुआ। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने कॉन्क्लेव के दौरान 4 नए मानक जारी किए - (i) आईएस 18266: 2023, वस्‍त्र – मेडिकल रेस्पिरेटर - विशिष्टता, (ii) आईएस 18309: 2023 भू-सिंथेटिक्स - बहुत नरम प्लास्टिक मिट्टी के त्वरित समेकन के लिए पूर्वनिर्मित ऊर्ध्वाधर नालियां - विशिष्टता, (iii) आईएस 18158: 2023 वस्‍त्र - फर्श कवरिंग - कृत्रिम ग्रे लैंडस्केप के लिए सिंथेटिक यार्न से बना एसएस कालीन - विशिष्टता और (iv) आईएस 18161: 2023, वस्‍त्र - 50 किलो सरसों के बीज, नाइजर बीज और रागी की पैकिंग के लिए हल्के वजन के जूट सैकिंग बैग - विशिष्टता। कॉन्क्लेव में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें केंद्रीय मंत्रालयों, केंद्र और राज्य सरकारों के उपयोगकर्ता विभागों के अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों सहित विभिन्न श्रेणियों में तकनीकी वस्त्रों से संबंधित संस्थान, उद्योगों के प्रमुख, वैज्ञानिक विशेषज्ञ, शोधकर्ता और पेशेवर शामिल थे। भारत सरकार के वस्‍त्र मंत्रालय की सचिव सुश्री रचना शाह ने इस बात पर प्रकाश डाली कि तकनीकी वस्‍त्र क्षेत्र में मानकों पर काफी प्रगति हुई है। तकनीकी वस्‍त्र उत्पादों के लिए गुणवत्ता मानक महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये उत्पाद अत्यधिक विशिष्ट और तकनीकी प्रकृति के हैं। प्रत्येक उत्पाद श्रेणी और खंड के लिए मानकों का निरंतर निर्माण और संशोधन भारत में तकनीकी वस्‍त्र उत्पादों की खपत पर बहुत असर डालता है। उन्होंने सलाह दी कि तकनीकी वस्‍त्र उत्पादों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए, उन्हें प्रासंगिक एचएसएन कोड के साथ मैप करना आवश्यक है जो एचएसएन मैपिंग आवश्यकताओं के साथ व्यापार ट्रैकिंग और संरेखण को सुव्यवस्थित करने को आसान बनाएगा। ये कदम वस्‍त्र मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं जैसे पीएम मित्र, प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना के प्रभावी कार्यान्वयन में भी उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि कमियों की पहचान करने और क्षेत्र के विकास के लिए मानकीकरण की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रमाणन एजेंसियों, अनुसंधान संगठनों, उद्योग, शिक्षा जगत और मंत्रालय के बीच एक सहयोगात्मक दृष्टिकोण का होना जरूरी है। भारत सरकार के वस्‍त्र मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री राजीव सक्सेना ने सम्मेलन के लिए प्रसंग निर्धारित करते हुए, विशेष रूप से वैश्विक मानकों के अनुरूप, क्यूसीओ के प्रभावी कार्यान्वयन और तकनीकी वस्त्रों के लिए नए मानकों की शुरुआत के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2023 में 32 नए तकनीकी वस्त्रों के एचएसएन कोड अधिसूचित किए गए थे, जो पहले से अधिसूचित 207 एचएसएन कोड की सूची से अलग हैं। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि तकनीकी वस्त्रों के लिए एचएसएन कोड को युक्तिसंगत बनाने के लिए एक तकनीकी समिति का पहले ही गठन किया जा चुका है।