हिमाचल में समान नागरिक संहिता, वक्फ संपत्ति के सर्वे जैसे वादों के साथ चुनावी मैदान में भाजपा


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भाजपा ने रविवार को यहां अपना घोषणा पत्र जारी किया। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में 11 वादे किए हैं। घोषणा पत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जारी किया।

घोषणा पत्र जारी करने के बाद नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता लाएगी। इसके लिए विशेषज्ञों की एक समिति बनाई जाएगी और उनकी रिपोर्ट के आधार पर राज्य में समान नागरिक संहिता को लागू किया जाएगा। हमारी सरकार एक सर्वे करेगी और वक्फ की जो संपत्ति है, उसकी कानून के मुताबिक एक न्यायिक आयोग के तहत जांच की जाएगी और उसका जो गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल हो रहा है उस पर रोक लगाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि हम 8 लाख से अधिक रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे। हम सुनिश्चित करेंगे की अगले 5 साल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सभी गांव पक्की सड़कों के साथ जुड़ जाए। अगले 10 सालों में धार्मिक स्थानों के आसपास आधारभूत संरचना और परिवहन को विकसित करने के लिए शक्ति योजना लागू होगी। नड्डा ने कहा कि हमारे किसान भाई सेब के पैकेजिंग में जो सामग्री इस्तेमाल करते हैं उसके लिए जीएसटी 12 फीसद होगी और अतिरिक्त जीएसटी राज्य सरकार वहन करेगी। हम राज्य में 5 नए मेडिकल कॉलेज खोलेंगे।

नड्डा ने कहा कि इस संकल्प पत्र 11 वचन हैं। ये वादे समाज में समानता लाएंगे। ये वादे हमारे नौजवानों और किसानों को ताकत देंगे, बागवानी को मजबूती देंगे, सरकारी कर्मचारियों को न्याय दिलाएंगे और धार्मिक पर्यटन को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने जो कहा था वो तो किया ही, मगर हमने जो नहीं कहा था उसे भी पूरा किया। विकास के एक नए आयाम को हमने स्थापित किया है। बुलंद इरादों के साथ हिमाचल की जनता की सेवा की गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सुरेश कश्यप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत अन्य नेता मौजूद रहे।