विधानसभा चुनावों से पहले राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 500 किलोमीटर करेगी तय, तैयारियां तेज


नई दिल्ली। राहुल गांधी की 12 राज्य में होने वाली हजारों किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' पर सबकी नजर है। कई राज्यों में विधानसभा चुनाव आगामी वर्ष में प्रस्तावित हैं। अभी तक के कार्यक्रम के हिसाब से राहुल गांधी पूरे समय यात्रा में रहेंगे। राजस्थान में अगले साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसे काफी अहम माना जा रहा है।

कांग्रेस कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में करीब 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी। पूर्वी राजस्थान में सबसे अहम होगा। चुनावी साल से पहले छह जिलों से होकर गुजरने वाली इस यात्रा को सियासी मायनों के हिसाब से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में चुनावों से पहले इस यात्रा से सियासी माहौल का अनुमान लग जाएगा।

ग्राउंड का सियासी माहौल और पार्टी की हालत के बारे में भी उन्हें खुद रूबरू होने का मौका मिलेगा। राजस्थान में रियल ग्राउंड पर मतदाताओं का मूड जानने के हिसाब से यह काफी अहम यात्रा मानी जा रही है। इस लिहाज से यह भी देखा जाएगा कि कौन नेता इस पूरी यात्रा के दौरान तवज्जो पाता है और कौन-कौन नहीं? राहुल गांधी के साथ लगातार यात्रा में कौन साथ रहता है और कौन नहीं?

राजस्थान में राहुल गांधी की इस 500 किलोमीटर की यात्रा के दौरान कई कार्यक्रम भी प्रस्तावित रखे गए हैं। बहरहाल राजस्थान कांग्रेस ने राहुल गांधी की राजस्थान में प्रस्तावित यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी है। देखना होगा राजस्थान में कांग्रेस की सरकार को रिपीट करने में कांग्रेस का सपना पूरा करने में यह यात्रा कितनी कारगर साबित हो पाती है।