'आजादी का अमृत महोत्सव' के आयोजन में देश में चौथे पायदान पर पहुंचा राजस्थान


जयपुर। देशभर में मनाए जा रहे भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों को पोर्टल पर अपलोड करने में राजस्थान चौथे नंबर पर आ चुका है।

 

कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त शासन सचिव पंकज ओझा ने बताया कि राजस्थान में 12 मार्च को दांडी मार्च की वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव की शुरूआत की गई थी। इसके बाद से विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के नेतृत्व में भारत सरकार के इस हेतु बनाये गये पोर्टल पर अपलोड किया जाता रहा है। आज से लगभग 15 दिवस पूर्व राजस्थान देश में 20वें नम्बर पर था। मंगलवार तक 431 कार्यक्रमों को अपलोड कर राजस्थान ने भारत के विभिन्न राज्यों के मध्य चौथा स्थान अर्जित कर लिया है।

 

आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन हेतु कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग नोड़ल विभाग है, तथा सम्पूर्ण प्रदेश में विभिन्न विभागों एवं जिलों के समन्वय एवं सहयोग से राजस्थान में उक्त आयोजन को ऐतिहासिक बनाये जाने हेतु निरन्तर प्रयासरत है। विभाग का लक्ष्य जल्दी ही प्रदेश को सम्पूर्ण भारत में प्रथम स्थान पर लाना है।