पिता विश्वेन्द्र सिंह के खिलाफ बगावत करने वाले अनिरुद्ध सिंह बोले, पिछले 15 सालों से पिता से 1 रुपया नहीं लिया, सचिन पायलट कहेंगे तो गर्दन भी कटवा लूंगा


भरतपुर/जयपुर। भरतपुर राज परिवार में पूर्व मंत्री, वर्तमान विधायक और राज परिवार के सदस्य विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरुद्ध सिंह ने भले ही अपने पिता के खिलाफ 31 मई को किए गए ट्वीट को हटा लिया हो लेकिन उनके इस ट्वीट के बाद में राजस्थान की सियासत में एक नई राजनीतिक कहानी तैयार होती नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि 31 मई को विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरुद्ध सिंह ने जो ट्वीट किया था उसे महज 4 घंटे बाद डिलीट कर देने का बड़ा कारण सचिन पायलट रहे। उन्होंने सचिन पायलट के समझाने के बाद में तुरंत अपनी गलती को स्वीकारते हुए उस ट्वीट को हटाया। जिसमें अपने पिता विश्वेन्द्र सिंह के खिलाफ बयान बाजी की थी।

इस बात को बल एक ट्वीट के जरिए मिला। दरअसल टोंक से पायलट समर्थक युवा नेता देवराज डॉई ने ट्वीट कर लिखा कि अच्छे इंसान से संगत का असर, सचिन पायलट ने भरतपुर राजघराने में सुलह करवाई। पायलट साहब के एक कॉल पर अनिरुद्ध सिंह ने आवेश मे आकर किए गए ट्वीट को डिलीट किये और भविष्य मे ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया।'

यह भी पढें: पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह के खिलाफ उनके ही बेटे ने खोला मोर्चा!

इसके बाद बकायदा इस युवा नेता के ट्वीट के जवाब में अनिरुद्ध सिंह ने लिखा 'पायलट साहब कहेंगे तो गर्दन भी कटवा दूंगा अपनी.'

अब पिता पुत्र के घरेलू विवाद में सचिन पायलट की एंट्री को लेकर अनिरुद्ध सिंह के इस बयान पर कई मायने राजनीतिक गलियारों में निकाले जा रहे हैं। हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक खुद विश्वेंद्र सिंह का कोई बयान नहीं आया है लेकिन जानकारों का कहना है कि जहां विश्वेंद्र सिंह की नजदीक एक बार फिर से अशोक गहलोत से बढ़ रही है तो अनिरुद्ध सिंह इस बात पर अड़े हैं कि वह सचिन पायलट का समर्थन उसी मजबूती के साथ करते रहे जो गत वर्ष बाड़ेबंदी के दौरान थी।

हालांकि अनिरुद्ध सिंह का सचिन पायलट के प्रति यह अगाध प्रेम किस लिए है इसके सब अपने हिसाब से राजनीतिक मायने निकाल रहे हैं। लेकिन एक बात साफ है कि जिस प्रकार पायलट ने अनिरुद्ध सिंह को समझाया और उन्होंने तुरंत बात मान ली उस हिसाब से दोनों की सियासी नजदीकियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उधर अनिरुद्ध सिंह ने इस विवाद के बाद कई रिट्वीट्स के जरिए सफाई भी दी है। क्योंकि विश्वेंद्र सिंह के समर्थक लगातार अनिरुद्ध सिंह के इस कदम की आलोचना कर रहे हैं। और उनके इस व्यवहार पर सवाल भी उठा रहे हैं। ट्विटर पर एक सवाल के जवाब में अनिरुद्ध सिंह ने लिखा कि उन्होंने पिछले 15 साल से अपने पिता से ₹1 की भी मदद नहीं ली, उनकी मां ने हर वक्त उनकी मदद की।

 

जानकार बताते हैं कि अनिरुद्ध सिंह ने सचिन पायलट से भविष्य में भी इस तरह की हरकत ना करने का वादा किया है। बहरहाल देखना होगा इस पारिवारिक लड़ाई का असली सियासी नतीजा कब निकल कर सामने आता है।