भूखे पेट 20 घंटे की हवाई यात्रा करके नामीबिया से जयपुर पहुचेंगे 8 चीते, हेलीकॉप्टर से जाएंगे MP, PM मोदी के जन्मदिन पर छोड़े जाएंगे बेड़ों में


नई दिल्ली। नामीबिया से जयपुर की भूखे पेट करीब 20 घंटे की लंबी यात्रा करके 8 चीते जयपुर पहुंचेंगे। मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में इस हफ्ते नामीबिया से कुल 8 चीते आने वाले हैं। इससे पहले यह चीते 17 सितंबर को जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।

इन चीतों के एयरपोर्ट आने को लेकर विशेष गाइडलाइंस भी एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा जारी की गई है।

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक नामीबिया से लेकर भारत तक की यात्रा ये चीते खाली पेट करेंगे। 17 सितंबर को इन चीतों को कार्गो एयरक्राफ्ट से लाया जाएगा। मध्य प्रदेश के मुख्य वन संरक्षक जेएस चौहान ने पीटीआई को बताया कि एहतियात के तौर पर यह अनिवार्य है कि यात्रा के दौरान जानवर को खाली पेट रखा जाए। उन्होंने बताया कि यह सावधानी इसलिए बरती जा रही है क्योंकि लंबी यात्रा के दौरान जानवरों को मतली जैसी समस्या हो सकती है। 17 सितंबर की सुबह सभी चीते करीब 7 बजे तक भारत पहुंच जाएंगे।

 यह यात्रा कुल 16 घंटे 40 मिनट की हो सकती है। हालांकि अधिकारियों ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

एक अनुमान के मुताबिक यह बताया जा रहा है कि यह यात्रा 16 से 20 घंटे के करीब हो सकती है। बता दें कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। PM 17 सितंबर को अपने जन्मदिन पर इन चीतों को बाड़ों में छोड़ेगें। गौर करने वाली बात है कि भारत में चीतों की आबादी 19वीं शताब्दी के दौरान घट गई थी। इसकी मुख्य वजह स्थानीय राजाओं और ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा चीतों का शिकार करना था। वर्ष 1948 में अंतिम तीन एशियाई चीतों का शिकार किया गया और 1952 में चीता को देश में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। ऐसे में भारत के लिए यह किसी ऐतिहासिक क्षण से कम नहीं होगा।