पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद क्यों अभिनेता सलमान खान के परिजनों और उनके फैंस की बढ़ी चिंताएं?


मुंबई. पंजाब के प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में सियासी उबाल देखने को मिल रहा है, जगह जगह प्रदर्शन हो रहे हैं और सरकार के खिलाफ खासा आक्रोश है. प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं इस घटनाक्रम के बाद फिल्म अभिनेता सलमान खान (Actor Salman Khan) के परिजनों और उनके फैंस की भी चिंताएं बढ गई हैं. क्योंकि जिस गैंग ने मूसेवाला की हत्या की है उसी गैंग ने सलमान खान की हत्या की भी धमकी दे रखी है.  

मूसेवाला की हत्या के बाद गैंगस्टर गोल्डी बरार और उसके आका लॉरेंस बिश्नोई दोनों के ही खतरनाक मसूंबों का अंदाजा लगाया जा सकता है कि किस तरह से वो बैखौफ हत्याओं से नहीं चूक रहे. यही वो लॉरेंस बिश्नोई है जिसने पुलिस की मौजूदगी में कुछ समय पहले फिल्म अभिनेता सलमान खान को ना केवल जान से मारने की धमकी दी थी बल्कि उसकी हत्या के लिए अपने गुर्गे सम्पत नेहरा को टास्क भी सौंपा था. हालांकि अभिनेता सलमान खान की हत्‍या करने से पहले ही नेहरा पकड़ा गया था. सम्‍पत ने पुलिस को बताया था कि सलमान को मारने का काम उसे बिश्नोई ने दिया था। सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में दोषी करार दिया गया था। पुलिस ने कहा कि लॉरेंस खुद बिश्नोई समाज से है जिनके लिए काले हिरण पूजनीय हैं। सलमान खान की हत्‍या कर लॉरेंस बिश्नोई उन काले हिरणों की हत्‍या का बदला लेना चाहता था।

ऐसे में माना जा रहा है कि सलमान अभी भी लॉरेंस की लिस्ट में शामिल है. वो थोड़ी सी भी चूक होते ही सलमान खान की हत्या तक करवा सकता है. सलमान की सुरक्षा में लगी एजेंसियां इस गैंग द्वारा पंजाबी गायक की हत्या के बाद अलर्ट हो गई हैं. और सलमान की सुरक्षा पुख्ता की जा रही है. सलमान खान के फैंस की इस घटनाक्रम के बाद खासे चिंतिंत हैं क्योंकि इसी गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई ने सलमान खान को भी मारने की धमकी दे रखी है. 

बताया जाता है कि सलमान खान और असिन अभिनीत फिल्म 'रेडी' की शूटिंग के दौरान एक बार लॉरेंस ने अपने गुर्गों के जरिये सलमान खान पर हमले पूरी योजना भी बनाई थी। यह अलग बात है कि लॉरेंस बिश्नोई को पसंदीदा हथियार नहीं मिला तो यह योजना असफल हो गई थी। 

नामी गैंगस्टर गोल्डी बरार फिलहाल कनाडा में है, जबकि उसकी करीबी साथी और गैंग का मुखिया लॉरेंस बिश्नोई भारत में ही जेल में बंद है। लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह जेल में बंद रहने के दौरान भी गैंग को चला रहा है। वह अपने गुर्गों के जरिये हुकुम जारी करता है और फिर आपराधिक वारदात को अंजाम देता।

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई अब जेल से ही दिल्ली और आस पास के इलाकों में जुर्म की दुनिया में अपना दबदबा कायम करना चाहता है. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई पर 50 से ज्यादा हत्या, रंगदारी और हत्या की कोशिश समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं.