'हम G-23, जी हुजूर-23 नहीं', कांग्रेस में कोई निर्वाचित अध्यक्ष नहीं है. हम नहीं जानते कि कौन निर्णय ले रहा है: कपिल सिब्ब्ल


नई दिल्ली: पंजाब में कांग्रेस पर आई राजनीतिक आपदा के बाद एक बार फिर कपिल सिब्बल ने कांग्रेस आलाकमान पर जमकर निशाना साधा है. सिब्बल ने आज पार्टी की स्थिति और अध्यक्ष की अनुपस्थिति पर चर्चा करने का आह्वान किया. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "कांग्रेस में अब कोई निर्वाचित अध्यक्ष नहीं है. हम नहीं जानते कि कौन निर्णय ले रहा है." कपिल सिब्बल का यह बयान पंजाब में जारी कांग्रेस संकट के बीच आया है, जहां राज्य कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.


इतना ही नहीं सिब्बल ने साफ कहा कि हम जी-23 हैं, निश्चित रूप से जी हुज़ूर-23 नहीं हैं. हम मुद्दों को उठाते रहेंगे.
बता दें कि यह वही समूह है जिसके 23 नेताओं ने पिछले साल सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में व्यापक बदलाव की मांग उठाई थी.

पार्टी छोड़कर जा रहे नेताओं के मुद्दे को लेकर जी-23 के नेता गुलाम नबी आजाद ने भी सोनिया गांधी को पत्र लिखा है. उन्होंने पंजाब संकट पर कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के बैठक की मांग की है.

आलाकमान पर निशाना साधते हुए सिब्बल ने कहा कि "लोग क्यों जा रहे हैं? शायद हमें यह देखना चाहिए कि क्या यह हमारी गलती है? कांग्रेस की विडंबना यह है कि जो उनके (नेतृत्व) करीब हैं वे चले गए हैं और जो उन्हें लगता है कि उनके करीब नहीं हैं, वे अभी भी हैं."

सिब्बल बोले कि "मैं वास्तव में बहुत, बहुत परेशान हूं कि मुझे आपके पास आना है. लेकिन हमारे पास कोई विकल्प नहीं है."