"सर्कस" में बाबूजी का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील शेंडे का निधन


मुंबई। हिंदी और मराठी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता सुनील शेंडे का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने अपने मुंबई स्थित घर पर अंतिम सांस ली। सुनील 75 साल के थे। पिछले कुछ दिनों से वह इंडस्ट्री से दूर थे। बताया जा रहा है कि सुनील शेंडे अपने घर पर थे और उन्हें चक्कर आया।

शरीर में आतंरिक रक्तस्राव की वजह से उनकी मौत हो गई। रात करीब एक बजे उन्होंने अपने विलेपार्ले स्थित आवास पर दम तोड़ दिया। सोमवार को दोपहर एक बजे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी पत्नी ज्योति, दो बेटों ओंकार, ऋषिकेश, बहू और पोते का भरापूरा परिवार है।

सुनील शेंडे अपने जमाने के मशहूर टीवी सीरियल सर्कस में शाहरुख खान द्वारा निभाए गए किरदार के बाबूजी बने थे। इसके अलावा उन्होंने दूरदर्शन के कई सीरियल्स में काम किया। शेंडे ने फिल्म गांधी से इंडस्ट्री में डेब्यू किया था। इसमें वह एक डाकू की भूमिका में थे। सुनील शेंडे ने 80 और 90 के दशक में कई फिल्मों में अहम रोल निभाए। उनकी मुख्य फिल्मों में सरफरोश, गुनाह, खलनायक आदि हैं। उनके दमदार व्यक्तित्व की वजह से उन्हें ज्यादातर पुलिस और नेताओं की भूमिकाएं मिलीं।