कोरोना वैक्सीन लेने के बाद आंध्र प्रदेश में आशा वर्कर की मौत! जांच शुरू


आंध्रप्रदेश. एक तरफ पूरी दुनिया की सरकारें इस बात का प्रयास कर रही हैं कि कोरोना वैक्सीन को लेकर लोगों में व्याप्त भय को समाप्त किया जाए लेकिन दूसरी तरफ लगातार ऐसे घटनाक्रम सामने आ रहे हैं जहां सरकार के इन प्रयासों को धक्का लग रहा है. ताजा मामला आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले का है जहां एक सामाजिक स्वास्थ्यकर्मी 42 वर्षीय विजय लक्ष्मी की मौत हो गई है. आशा वर्कर विजय लक्ष्मी को 19ं जनवरी को कोरोना की वैक्सीन लगी थी जिसके बाद से ही लगातार विजय लक्ष्मी बीमार चल रही थी. इस बीच 21 जनवरी को अचानक बेहोश होने पर उन्हें गुंटूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां विशेष चिकित्सकों की टीम भी लगातार इस मामले पर नजर बनाए हुए थीं. इस बीच रविवार सुबह विजय लक्ष्मी की मौत हो गई. मौत के कारणों का पता लगाने के लिए उनके शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया है. हालांकि अधिकारियों ने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक होने की वजह से महिला की मौत हुई है.

विजय लक्ष्मी के परिजनों का आरोप है कि यह मौत कोरोना वैक्सीन लगाने के कारण हुई. उधर सरकार ने विजय लक्ष्मी के परिवार को इस पूरे मामले में हर संभव मदद का ऐलान किया है लेकिन इस बीच एक बार फिर कोरोना वैक्सीन लगवाने को लेकर स्वास्थ्यकर्मी चिंतित हैं.

 

बता दें कि हाल में हरियाणा के गुरुग्राम में कोरोना वायरस की वैक्सीन लेने के 6 दिन बाद एक स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई थी. हालांकिए अभी यह साबित नहीं हुआ है कि महिला स्वास्थ्यकर्मी की मौत का लिंक कोरोना वायरस की वैक्सीन से है या नहीं. महिला की मौत के बाद परिजन ने कोरोना वैक्सिनेशन को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी. 

हालांकि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालयक ने साफ किया है इन मौतों का सीधा कारण कोरोना वैक्सीनेशन ही है ऐसा अभी तक साबित नहीं हुआ है.