केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने वापस लिया बिहार वाला विवादित बयान


नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुरूवार को संसद में बिहार पर दिए अपने विवादित बयान को वापस ले लिया। गोयल ने कहा कि मैं स्पष्ट कर दूं कि मेरा बिहार या बिहार के लोगों का अपमान करने का कोई इरादा नहीं है, अगर इससे किसी की भावना को ठेस पहुंची है, तो मैं तुरंत उस बयान को वापस लेता हूं। गोयल ने राज्यसभा में चर्चा के दौरान कहा था कि ये लोग पूरे देश को बिहार बना देंगे। 

इससे पहले इस मुद्दे पर बिहार के सांसदों ने गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें भाजपा को छोड़कर बाकी दूसरे दलों के सांसदों ने हिस्सा लिया। कांग्रेस, आरजेडी, जेडीयू, लेफ्ट और शिवसेना सहित कई पार्टियों के सांसदों ने इसमें हिस्सा लिया। उन्होंने मंत्री पीयूष गोयल से माफी की मांग की। आरजेडी सांसद मनोज झा ने भी राज्यसभा में बिहार के बारे में अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करने के लिए पीयूष गोयल से माफी की मांग की थी।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को विपक्ष ने चीनी घुसपैठ और मूल्य वृद्धि के मुद्दे पर चर्चा के लिए नोटिस दिया था, लेकिन सरकार ने चर्चा से इनकार कर दिया। लोकसभा में चीन के मुद्दे पर चर्चा की अनुमति नहीं दिए जाने पर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट किया था।