केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने तिरुवनंतपुरम में 30वीं दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता की


केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज तिरुवनंतपुरम में 30वीं दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों, पुड्डुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल, लक्षद्वीप के प्रशासक, दक्षिणी क्षेत्र के राज्यों के मुख्य सचिव, केंद्रीय गृह सचिव, सचिव, अंतर राज्ययीय परिषद सचिवालय और राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने अपने शुरूआती संबोधन में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर केरल के लोगों को ओणम की अग्रिम बधाई दी। उन्होंने कहा कि ओणम सिर्फ केरल ही नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति का एक प्रमुख त्यौहार है।

अमित शाह ने कहा कि ये वर्ष देश के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इस वर्ष को आज़ादी के अमृत महोत्सव के वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा शुरू किये गये हर घर तिरंगा अभियान में हर देशवासी ने राज्य, जाति, धर्म से ऊपर उठकर अपने घर पर तिरंगा लगाकर एकता और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। शाह ने देश के सभी राज्यों को आज़ादी का अमृत महोत्सव बहुत अच्छी तरह से मनाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए आज़ादी के अमृत महोत्सव में अगले ग्यारह महीनों में राष्ट्र भक्ति की इस स्पिरिट को नीचे तक पहुँचाने के लिए सबको मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।