जयपुर. राजस्थान एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसआईयू इकाई जयपुर व सवाईमाधोपुर इकाई ने अलवर में संयुक्त ट्रेप की कार्यवाही करते हुए नगर परिषद अलवर वार्ड नं. 30 के पार्षद नरेन्द्र मीणा व ठेकेदार संजीव भार्गव, रमेश चन्द गुप्ता को कार्यादेश जारी करने की एवज में बतौर कमिशन 5 लाख 15 हजार रूपये रिश्वत लेन-देन करते हुए गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. मुख्यालय को सूत्र सूचना प्राप्त हुई कि नगर परिषद अलवर में 15 करोड़ रूपये राशि के सिविल कार्य की निविदा जारी हुई है जिसे ठेकेदारों के पक्ष में निविदा जारी करने पर 2.5 प्रतिशत, तत्पश्चात कार्यादेश जारी करने की एवज में पुनः 2.5 प्रतिशत की कमिशन राशि का लेन-देन ठेकेदार, जन प्रतिनिधि व अन्य के बीच किया जाना है। जिस पर ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देशन में एस.आई.यू. इकाई जयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह मय टीम, तकनीकी टीम एवं रघुवीर शरण पुलिस निरीक्षक तथा सवाईमाधोपुर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र शर्मा मय टीम द्वारा आज अलवर में संयुक्त कार्यवाही करते हुए नगर परिषद अलवर वार्ड नं. 30 के पार्षद नरेन्द्र मीणा पुत्र प्रहलाद सिंह निवासी फ्लैट नं. 202 आॅर्किट रेजीडेन्सी मोती डूगंरी अलवर तथा ठेकेदार संजीव भार्गव पुत्र स्व. भागीरथ भार्गव, निवासी 83 आर्य नगर अलवर व ठेकेदार रमेश चन्द गुप्ता पुत्र शिवदयाल गुप्ता निवासी मौहल्ला अखेपुरा अलवर को कार्यादेश जारी करने की एवज में बतौर कमिशन 5 लाख 15 हजार रूपए की रिश्वत लेन-देन करते हुए अलवर में गिरफ्तार किया गया. एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपीयान से पूछताछ एवं निवास व अन्य ठिकानो पर तलाशी जारी है.