राजस्थान में तबादलों की चाह रखने वालों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर अब तबादलों की अवधि एक माह और बढ़ा दी गई है। अब तबादलों पर प्रतिबंध आगामी 15 सितंबर को लगेगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा पहले तबादलों पर प्रतिबंध 14 अगस्त को लगाए जाने के आदेश जारी किए गए थे। बताया जा रहा है कि सीएम कुछ जिलों में हो रहे पंचायत चुनाव के कारण विधायकों की सिफारिश पर अधिकांश तबादले नहीं हो पाए थे। ऐसे में विधायकों की मांग पर सीएम गहलोत ने तबादलों पर प्रतिबंध 1 माह नहीं लगाने का निर्णय किया है।
सीएम के निर्देश पर ही सामान्य प्रशासन विभाग ने तबादलों पर प्रतिबंध आगामी 15 सितंबर तक करने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब तबादले की प्रक्रिया आगामी 15 सितंबर तक पूरी की जा सकेगी। उधर तबादलों की चाह रखने वालों ने CM के इस फैसले का स्वागत किया है।