सावधान महाराष्ट्र! सितम्बर और अक्टूबर में आ सकती है तीसरी लहर, कोविड टास्क फोर्स की चेतावनी


मुंबई. महाराष्ट्र में एक ओर जहां पहले ही कोरोना का कहर शांत होने का नाम नहीं ले रहा है वहीं चिंताएं अब और बढ गई हैं. महाराष्‍ट्र राज्‍य में एक बार फिर स्थिति बिगड़ रही है और इसको लेकर महाराष्ट्र राज्य सरकार द्वारा गठित कोविड टास्क फोर्स ने आगाह करते हुए कहा कि सितम्बर या अक्टूबर में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है. 

केरल के साथ-साथ महाराष्‍ट्र के बुरे हाल किसी से छुपे नहीं हैं. देश में पहले ही महाराष्ट्र दूसरे नम्बर पर सबसे ज्यादा एक्टिव केस वाला राज्य बना हुआ है. इस बीच चिंता की बात यह है कि महाराष्‍ट्र सरकार द्वारा गठित की गई कोविड टास्‍क फोर्स (Covid Task Force) ने राज्‍य में जल्‍द ही कोरोना की तीसरी लहर (Corona Third Wave) आने की चेतावनी दी है.

उधर टास्क फोर्स ने चेतावनी के साथ ही राज्य सरकार को आवश्यक तैयारियों पर सुझाव भी दिए हैं. जिसमें तीसरी लहर के आने की आशंका समेत स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं, ऑक्‍सीजन के इंतजाम, दवाओं की व्यवस्था और महामारी को रोकने की भी  बात प्रमुखता से रखी  गई है. सीएम ने इसको गंभीरता से लेते हुए अभी से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.