गहलोत सरकार के मंत्री राजेन्द्र गुढा बोले, 'CM के लिए कांग्रेस में पायलट से बेस्ट कोई फेस नहीं, मुझे लगता है नवरात्रि में हो जाएगा यह काम'


जयपुर. राजस्थान की सियासत में सबकी नजरें मुख्यमंत्री पद पर टिकी हुई हैं। लगातार बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा वर्तमान सीएम गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री रहे सचिन पायलट से जुड़े बयान सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में अब गहलोत सरकार के मंत्री राजेन्द्र गुढा खुलकर मुख्यमंत्री पद के लिए सचिन पायलट के समर्थन में आ गए हैं। यह वही गुढा हैं जो सचिन पायलट के खिलाफ मानेसर कांड के बाद लगातार सचिन पायलट के खिलाफ बयानबाजी करते रहते थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में नामांकन की तैयारियों के बीच राजस्थान में नए सीएम के लिए रेस पर यह सियासी सरगर्मियां और सियासी बयान बढ़ गए हैं। ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने मीडिया से बातचीन में कहा कि अब अशोक गहलोत का कांग्रेस अध्यक्ष बनना तय हो गया है। मेरी जानकारी में गहलोत के बाद कांग्रेस में पायलट से बेस्ट कोई फेस नहीं है। गहलोत के बाद पायलट से बढ़कर कोई विकल्प नहीं। साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे लगता है अब नवरात्रि में पायलट वाला काम हो जाएगा। वे सीएम बन जाएंगे। सचिन युवा नेता हैं। अपने अंदाज से राजनीति करते हैं। सीएम के लिए अब आलाकमान फैसला करेगा, जो फैसला आएगा उस पर कांग्रेस वाले, हम बसपा से आने वाले छह विधायक, निर्दलीय और जितने भी सहयोगी हैं, सब साथ रहेंगे। यह गारंटेड बात है। कहीं कोई विरोधाभास नहीं है। सचिन पायलट सीएम होंगे तो नेता के चेहरे का भी फर्क पड़ता है।