जयपुर. आम आदमी पार्टी 7 और 8 अक्टूबर को जयपुर में मेक इंडिया नम्बर वन मिशन का दूसरा चरण लॉन्च करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा यह लॉन्च किया जाएगा। पार्टी के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दौरे को लेकर प्रदेश के कार्यकर्ताओं और आमजन में जोश है और यह अक्टूबर में स्पष्ट नजर आएगा।
विनय मिश्रा ने बताया कि प्रदेश के ग्राम सम्पर्क अभियान में सबसे ज्यादा सवाल आमजन के यही थे कि केजरीवाल प्रदेश में कब आएंगे। जनभावनाओं की कद्र करते हुए मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में अपना कार्यक्रम दिया है। वे जयपुर में 7 अक्टूबर को मेक इंडिया नम्बर वन मिशन लॉन्च करेंगे। इसकी शुरुआत केजरीवाल ने अपनी जन्मभूमि हिसार से की थी। इस कार्यक्रम के जरिए 130 करोड़ देशवासियों से अपील की गई है कि सभी इससे जुड़े और देश को विश्व में नम्बर 1 बनाएं।
मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल टाऊन हॉल कार्यक्रम के तहत जयपुर में युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और पत्रकार वार्ता भी करेंगे। इसके साथ ही 8 अक्टूबर को एक रैली विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के हर कोने से आमजन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जनसभा के लिए 50 हजार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जनसभा को लेकर प्रदेश में काफी सकारात्मक माहौल है।
मिश्रा ने दावा किया कि प्रदेश के कई बड़े चेहरे भी आम आदमी पार्टी के सम्पर्क में हैं और जल्द ही कुछ बड़े नाम पार्टी के साथ नजर आएंगे। दूसरी पार्टियों के अच्छे लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ना चाहते है। मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में इस समय अराजकता का माहौल है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं जमीन पर फैल हो चुकी है।