नए संसद भवन पर लगने वाला 6.5 मीटर ऊंचा कांस्य से बना 9500 किलोग्राम का राष्ट्रीय प्रतीक बना आकर्षण का केन्द्र



नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नए संसद भवन की छत पर बने राष्ट्रीय प्रतीक का अनावरण किया। और इस दौरान संसद के निर्माण में शामिल श्रमजीवियों के साथ बातचीत भी की। 
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोमवार सुबह नए संसद भवन की छत पर बने राष्‍ट्रीय प्रतीक का अनावरण कर ट्वीट किया कि "आज सुबह, मुझे नई संसद की छत पर बने राष्ट्रीय प्रतीक का अनावरण करने का सम्मान मिला।"

राष्ट्रीय प्रतीक कांस्य से बना है और इसका कुल वजन 9500 किलोग्राम है तथा इसकी ऊंचाई 6.5 मीटर है। इसे नए संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष के शीर्ष पर बनाया गया है। प्रतीक के समर्थन के लिए लगभग 6500 किलोग्राम वजन वाले स्टील की एक सहायक संरचना का भी निर्माण किया गया है। इसकी फोटो की जैसे ही सोशल मीडिया पर पहुंची तो जमकर वायरल हुई। और लोगों ने इसके निर्माण और आकर्षण की सराहना की।

नए संसद भवन की छत पर राष्ट्रीय प्रतीक के निर्माण की अवधारणा का रेखाचित्र और प्रक्रिया आठ विभिन्न चरणों से गुजरी है, जिसमें मिट्टी प्रारूप/ कंप्यूटर ग्राफिक से लेकर कांस्य ढलाई और पॉलिश करने तक की तैयारी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने नई संसद के निर्माण में शामिल श्रमजीवियों के साथ बातचीत की।
उन्होने कहा कि “संसद के निर्माण में शामिल श्रमजीवियों के साथ मेरी अद्भुत बातचीत हुई। हमें उनके प्रयासों पर गर्व है और हम देश के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे।”

इस अनावरण कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला भी मौजूद रहे।