महाराष्ट्र में सरकार पर संकट गहराया, संजय राउत बोले- 'ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता जाएगी'


महाराष्ट्र सरकार पर लगातार संकट के बादल मंडरा रहे हैं।ताजा घटनाक्रम के बाद में उद्धव ठाकरे को सरकार हाथ से फिसलती नजर आ रही है। आदित्य ठाकरे ने अपने ट्वीटर हैंडल से 'मंत्री' शब्द हटा लिया है। महाराष्ट्र सरकार में वो पर्यावरण मंत्री हैं।

इस बीच संजय राउत ने कहा कि महाविकास अघाड़ी सरकार, उद्धव ठाकरे के साथ है। शरद पवार से भी हमारी बातचीत हुई है। सत्ता आती है, जाती है। ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता जाएगी। पार्टी की प्रतिष्ठा सबसे ऊपर होती है। बीजेपी का सपना कभी साकार नहीं होगा।

संजय राउत ने दावा किया है कि एकनाथ शिंदे की तरफ से कोई मांग नहीं की गई है। वह एक सच्चे शिवसैनिक हैं। हमारी बात सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है। न उनके दिल में कोई खटास है और न ही हमारे दिल में। कई राज हम एक दूसरे के साथ शेयर करते हैं। उद्धव जी के साथ भी यही रिश्ता है।

बता दें कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के बगावती तेवर के बाद उद्धव सरकार की कुर्सी खतरे में पड़ती हुई दिखाई दे रही है। राज्य में हुए एमएलसी चुनाव के बाद पहले मुंबई से सूरत और अब वहां से बागी विधायकों को लेकर गुवाहाटी शिफ्ट हो गए हैं। उन्होंने गुवाहाटी पहुंचने के बाद अपने साथ 40 विधायकों के होने का बड़ा दावा किया है। एकनाथ शिंदे का साथ 33 शिवेसना के बागी विधायक और 7 निर्दलीय भी पहुंचे हैं।