कई बार ऐसे अजीबो गरीब किस्से हो जाते हैं कि किसी के लिए परेशानी तो किसी के लिए मनोरंजन का कारण बन जाते हैं। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में भी एक ऐसा ही अजीब मामला देखने को मिला। जहां घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब घर से करीब डेढ़ लाख का सोना गायब मिला। पर बाद में पता चला कि महिला की गलती से ही भैंस ने ढाई तोले का मंगलसूत्र निंगल लिया। जिसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर भैंस के पेट में चीरा लगाया, तब जाकर ढाई तौले का मंगलसूत्र बाहर निकाला।
बता दें कि यह अजीबोगरीब मामला सारसी गांव का है जहां एक किसान रामहरि की पत्नी ने नहाने को जाते समय अपना सोने का मंगलसूत्र सोयाबीन और मूंगफली के छिलकों से भरी एक टोकरी में रख दिया। जिसके बाद वह घर के काम-काज में लग गई और मंगलसूत्र टोकरी में ही भूल गई और वहीं टोकरी भैंस के सामने खाने को रख दी और फिर से वह घर के काम में लग गई और करीबन 2 घंटे के बाद जब उसे होश आया तो वह आनन-फानन में टोकरी देखने गई लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और भैंस ने सोने के मंगलसूत्र समेत सभी छिलके खा लिए और टोकरी खाली पड़ी रही। जिसके बाद महिला ने तुरंत यह बात अपने पति को बताई। बेचारे किसान रामहरि भोयर ने भी बिना देरी किए वाशिम के पशु वैद्य अधिकारी बालासाहब कौंडाने को फोन कॉल पर बताई. डॉक्टर ने भैंस को वाशिम लाने के लिए कहा जहां डॉक्टर ने भैंस के पेट का निरीक्षण मेटल डिटेकर से किया तो पता चला कि पेट में कुछ है। दूसरे दिन भैंस के पेट का ऑपरेशन किया और पशुवैद्यकीय अधिकारी डॉक्टर बालासाहब कौंडाने ने करीब 65 टांके का यह ऑपरेशन कर भैंस के पेट से सोने का मंगलसूत्र बाहन निकाला। डॉक्टर ने सभी पशुपालकों से गुजारिश की है कि चारा या कुछ और खिलाते समय थोड़ी सावधानी बरतें। अब यह मामला किसी के लिए चिंता का कारण बना तो किसी के लिए मनोरंजन का कारण बन गया।