वनरक्षक भर्ती पेपर लीक मामले में बेरोजगारों का गुस्सा फूटा, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड का घेराव


जयपुर। वनरक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में सोमवार को बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड का घेराव किया। राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ प्रदेश अध्यक्ष उपेन यादव के नेतृत्व में सैकड़ों युवा बेरोजगारों ने कर्मचारी चयन बोर्ड घेराव करके हल्ला बोला।

उपेन यादव ने मांग की है कि वनरक्षक भर्ती पेपर लीक मामले में लिप्त सभी दोषियों की संपत्ति जब्त करके सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई नए कानून के तहत की जाए। साथ ही उन्होंने मांग की है कि ग्राम विकास अधिकारी, कंप्यूटर अनुदेशक, मोटर वाहन उप निरीक्षक भर्तियों का परिणाम जारी किया जाए। प्रयोगशाला सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, पीटीआई भर्ती का दस्तावेज सत्यापन का शेड्यूल जारी किया जाए। पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक, पशुधन सहायक भर्ती की सूची जारी की जाए। ओबीसी आरक्षण की विसंगतियां तत्काल दूर करके शिक्षक भर्ती एवं सूचना सहायक भर्ती की विज्ञप्ति जल्दी जारी की जाए। उल्लेखनीय है कि 12 नवंबर को हुई वनरक्षक भर्ती परीक्षा का दूसरी पारी का पेपर लीक हो गया था। इसके बाद बोर्ड ने पेपर रद्द कर दिया है।