जानिए आपकी गर्मागर्म चाय की ये जोरदार 10 रोचक बातें


शायद मेरी शादी का ख्याल दिल में आया है, इसीलिए मम्मी ने मेरी, तुम्हें चाय पे बुलाया है... हिंदी फिल्म सौतन का यह गाना सुनकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि चाय की कितनी इम्पोर्टेंस है भारत में। मतलब शादी के रिश्ते की शुरुआत भी चाय के बहाने ही होती है। ना केवल भारत में बल्कि दुनियाभर में चाय के शौकीन कम नहीं हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पानी के बाद चाय ऐसा पेय पदार्थ है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा पिया जाता है। ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत ही चाय से होती है। चाय में एक 'एल-थेनाइन' नाम का इंग्रेडिएंट होता है, जो आपके ब्रेन पॉवर को बढ़ाने में मदद करता है, स्ट्रेस कम करता है, बुद्धि विकास करता है और आपको कुछ देर तक नींद नहीं लगने देता। चाय में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो उम्र बढ़ने से आपकी रक्षा करते हैं। ऑस्ट्रेलिया में हुए एक शोध के हिसाब से चाय पीने से हड्डियां मजबूत होती हैं। चाय में केचेटिन नई बोन बनाने में मदद करता है। शुरू में चाय केवल सर्दियों में दवाई की तरह पी जाती थी। इसे रोज पीने की परंपरा भारत में ही शुरू हुई। भारत में चाय का उत्पादन मुख्य रूप से असम में होता है। ऐसा माना जाता है कि चीन के एक राजा 'शैन नुंग' के सामने गरम पानी का प्याला रखा गया था, उसमें गलती से चाय की सूखी पत्तियां गिर गई और उस पानी का रंग बदल गया। राजा ने जब इस पेय को पीया तो उसे यह नया स्वाद बेहद पसंद आया और तब से ही चाय पीने की शुरुआत हो गई। 

 


जानिए अपनी चाय के बारे में यह 10 खास बातें-
1 - वैसे तो 15 दिसंबर को दुनिया भर के चाय उत्पादन करने वाले देशों द्वारा अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस (International Tea Day 2019) मनाया जाता रहा है लेकिन भारत की सिफारिश पर संयुक्त राष्ट्र (UN) ने 21 मई को अंतरराष्ट्रीय चाय दिवस घोषित किया. 5 साल पहले मिलान में हुई अंतरराष्ट्रीय खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) के अंतर सरकारी समूह की बैठक में भारत ने यह प्रस्ताव पेश किया था. संयुक्त राष्ट्र महासभा ने चाय के औषधीय गुणों के साथ सांस्कृतिक महत्व को भी मान्यता दी है.

2 - चीन के लोगों ने सबसे पहले चाय पीना शुरू किया।
3 - भारत में 1835 से चाय पीने की शुरुआत हुई।
4- करीब 1,500 से ज्यादा प्रकार की चाय होती है, जिसमें काली, हरी, सफेद और पीली चाय काफी प्रचलित हैं।
5- चाय अफगानिस्तान और ईरान का राष्ट्रीय पेय है, तुर्की का हर व्यक्ति रोज 10 कप चाय पीता है।
6- इंग्लैंड के लोग रोज 16 करोड़ चाय के कप पीते हैं। इस हिसाब से साल में 60 अरब कप्स चाय पी जाते हैं।
7- काली चाय का उपयोग कुल चाय का 75% है।
8- चाय उत्पादन में चीन पहले नंबर पर है और भारत दूसरे पर।
9- ब्लैक टी यानी काली चाय की सबसे ज्यादा खपत भारत में होती है।
10 -अमेरिका में 80% चाय की खपत आइस टी के फॉर्म में होती है।

सावधान, जरा यह भी जान लें- 
 खाली पेट ब्लैक टी पीने से पेट फूलता है तथा एसिडिटी और अपच हो सकती है। खाली पेट चाय पीने से आपकी भूख प्रभावित होती है या फिर भूख लगना ही बंद हो जाती है। ऐसा होने पर आप जरूरी पोषण से वंचित रह सकते हैं। चाय अगर अत्यधिक उबाली गई हो तो अधिक नुकसानदायक हो जाती है। स्ट्रांग टी पीने से अल्सर होने का खतरा बढ़ता है। दिन में 4-5 कप्स चाय पीने से पुरुष में प्रोस्टेट कैंसर की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए चाय का जरुरत से ज्यादा इस्तेमाल ना करें.