अफगानिस्तान में अब तालिबान की सत्ता! राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़ ताजिकिस्तान भागे, काबुल से एक विमान पहुंचा दिल्ली


काबुल. लगातार हमले और हिंसा के जरिए तालिबान ने अब अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया है। देश की सत्ता तालिबान के हाथ में आ गई है और राष्ट्रपति अशरफ गनी देश छोड़ भाग गए हैं। वह ताजिकिस्तान में शरण ले चुके हैं। इस बीच तालिबान ने कहा है कि वह काबुल के कुछ हिस्सों में प्रवेश करने जा रहा है। उसने इस दौरान नागरिकों से न घबराने की अपील की है। तालिबान ने राष्ट्रपति भवन का नियंत्रण भी अपने हाथ में ले लिया है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच ब्रिटिश एयरवेज ने अपने पायलटों को आदेश दिया है कि वह अफगानिस्तान में तेजी से बदलते सुरक्षा स्थितियों के चलते अफगानी एयरस्पेस (वायु क्षेत्र) में न जाएं।

अफगानिस्तान में सत्ता तालिबान के पास चली जाने के बाद वहां से दिल्ली आए अफगान राष्ट्रपति अशरफ गनी के वरिष्ठ सलाहकार रिजवानुल्लाह अहमदजई ने कहा कि अफगानिस्तान के अधिकतर हिस्सों में शांति है। लगभग सभी राजनीतिक लोग काबुल छोड़ चुके हैं। करीब 200 लोग दिल्ली आए हैं। मुझे लगता है कि यह नया तालिबान है जो महिलाओं को काम करने की आजादी देगा। वहीं अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में तालिबान के दाखिल होने के बाद बने हालातों के बीच वहां से उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का एक विमान नई दिल्ली पहुंच गया है। इस विमान में 129 यात्री सवार थे।