खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की बड़ी कार्रवाई, 13,700 लीटर घटिया घी का स्टॉक पकड़ा, इस अधिकारी ने लगाई मिलावटखोरों की लंका


जयपुर। शुक्रवार को अतिरिक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण पंकज ओझा के नेतृत्व में विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर 9 स्थित संयम एंटरप्राइजेज पर बड़ी कार्रवाई कर लगभग 13 हजार 700 लीटर घटिया घी का स्टॉक पकड़ा गया।

अतिरिक्त आयुक्त पंकज ओझा ने बताया कि विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में बड़ी तादाद में घटिया क्वालिटी के घी का कारोबार होने की सूचना मिली थी। इस पर खाद्य सुरक्षा और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने शुक्रवार सुबह सर्च ऑपरेशन कर वीकेआई रोड़़ नम्बर 9 पर स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां टीम को भारी मात्रा में घी का स्टॉक मिला। 
भारी मात्रा में स्टॉक की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त इकबाल खान भी मौके पर पहुंचे और घी नकली होने का अंदेशा होने पर सेम्पल लेने एवं सीज की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने घी के निर्माण, सप्लाई एवं बेचान से संबंधित बिल एवं अन्य दस्तावेजों की जांच भी की और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।  

 

जांच में सामने आया कि यह घी गुजरात के पास दमन से जयपुर लाकर स्टॉक किया जाता था और राजस्थान के शहरों विशेष तौर से शेखावाटी में बेचा जाता था। इसकी बड़ी खेप जयपुर में पकड़ी गई। श्री सरस के नाम से मिस ब्रांड कर यह घी बेचा जाता था, जिसमें सरस के नाम का उपयोग किया गया। इस सूचना से जयपुर सरस डेयरी को भी अवगत कराया गया। इस पर जयपुर सरस डेयरी के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री मनीष फौजदार द्वारा भी अपने विभाग की टीम भेजकर सक्षम कार्रवाई अमल में लाई गई।

बता दें कि राजस्थान में मिलावटखोरों की इस वक्त लंका लगी हुई है। पिछले लम्बे समय से सुस्त पड़े अभियान  के तहत अतिरिक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण का पद संभालते ही पंकज ओझा के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है जिससे आमजनता को काफी राहत मिली है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान को अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अधिकारी पंकज ओझा ने जिस तरह से पद संभालते ही गति दी है उसके बाद से मिलावटखोरों की नींद उड़ी हुई है। बड़ी बात यह है कि कई बड़े नामचीन खाद्य व्यापारियों के यहां भी बेखौफ होकर टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले फलों को पकाने में इस्तेमाल होने वाले जहरीले कैमिकल्स पर भी पंकज ओझा ने सख्त एक्शन लिया था। वहीं बैकरी उत्पादों में मिलाए जा रहे सिंथेटिक रंगों का भी भंडाफोड कर लोगों को मिलावटखोरों से बचाने में अहम भूमिका निभाई है। 

टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन गोदारा, विनोद शर्मा, नरेश चेजारा, नरेंद्र शर्मा, पवन कुमार शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त इकबाल खान के निर्देशन में लगातार मिलावट के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।