पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की मूर्ति तोड़ी, आरोपी ने मूर्ति तोड़ने से पहले स्टेटस लगाकर दी थी इसकी जानकारी


झुंझुनूं। राजस्थान के पिलानी में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की मूर्ति तोड़ने का मामला सामने आया है। जिसके बाद स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। काजड़ा गांव के पार्क में यह मूर्ति लगी हुई थी जो कि झुंझुनूं के पिलानी थाना इलाके में आता है।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह पार्क में आए लोगों ने जब इंदिरा गांधी की क्षतिग्रस्त मूर्ति देखी तो उन्होंने इस पर आक्रोश व्यक्त किया। तुरंत पुलिस को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद आक्रोशित लोग दोषी पर कार्रवाई की मांग करने लगे। पिलानी थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के मुताबिक आरोपी का नाम मुकेश गुर्जर है और वह खुद को भाजपा कार्यकर्ता भी बताता है। उसने अपने मोबाइल पर व्हाट्स एप स्टेटस में लिखा था कि अब से 5 मिनट बाद पार्क में लगी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मूर्ति को तोडूंगा। कोई रोक सके तो रोक ले। इतना ही नहीं उसने इस घटना की निंदा करने वाले को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इंदिरा गांधी की मूर्ति के चेहरे को क्षतिग्रस्त किया गया है।

आरोपी मुकेश गुर्जर के बारे में कहा जा रहा है कि वो पेशे से एक ट्रक ड्राइवर है। पुलिस उसे तलाश करती हुई उसके घर तक गई थी लेकिन वो पुलिस को वहां नहीं मिला। पुलिस को शक है कि उसने अपने किसी खास गुर्गे से यह काम करवाया है। आरोपी ने कुछ अन्य विवादास्पद स्टेटस भी लगाए थे। उसने गांव के पूर्व सरपंच को धमकी भी दी है। बहरहाल अब पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आक्रोशित लोगों को शांत कराया जा रहा है।