जयपुर. राजस्थान पुलिस की एसओजी टीम ने एक बडी कार्रवाई करते हुए जयपुर के गोनेर में नकली नोट छापने का कारखाना पकड़ा है. यहां गुपचुप तरीके से जाली भारतीय करेंसी छापी जा रही थी. मौके से एसओजी की टीम ने 2 आरोपी बृजेश मौर्या और प्रथम शर्मा को गिरफ्तार किया है. यहां एक विला में नकली नोट छापने का काम चल रहा था. एसओजी की टीम ने छापामार कर मौके से नकली नोट छापने के काम में लिए जा रहे प्रिंटर, स्कैनर को भी जब्त कर लिया है. साथ ही पांच पांच सौ के 1147 और दो दो सौं के 37 जाली नोट बरामद किए हैं. बताया जा रहा है कि इन आरोपियों ने बड़ी संख्या में नकली नोट छापकर बाजार में खपा भी दिए हैं.
पांच लाख 80 हजार के नकली नोट मौके से जब्त किए गए हैं. जयपुर के अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी यह नकली नोट पहुंच चुके हैं.
एसओजी के एडीजी अशोक राठौड़ के निर्देशन में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. मामले में बड़ी मछलियों की तलाश जारी है. अशोक राठौड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बृजेश मौर्या निवासी वीरपुर, थाना माधवगंज जिला ग्वालियर मध्य प्रदेश और प्रथम शर्मा पुत्र अनिल शर्मा निवासी मोहन नगर, पुरानी बस्ती, नाहरगढ़ रोड, जयपुर का रहने वाला है. एसओजी में दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त बृजेश मौर्या के बारे में मुखबिर से सूचना मिली तब बीती देर रात को एसओजी के डीआईजी शरत कविराज के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक विजय कुमार राय, हैड कॉन्सटेबल डोडी राम, कांस्टेबल राम लाल व अन्य पुलिस कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी. और यह कार्रवाई की गई.