जी-20 की चौथी शिक्षा कार्य समूह की बैठक में अब तक 1.57 करोड़ विद्यार्थी हुए शामिल


नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय 19 से 21 जून 2023 तक पुणे, महाराष्ट्र में चौथी और अंतिम शिक्षा कार्य समूह (ईडीडब्ल्यूजी) की बैठक की मेजबानी करेगा। इसका विषय 'मिश्रित शिक्षा के संदर्भ में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान सुनिश्चित करना' है और 22 जून 2023 को शिक्षा मंत्रियों की बैठक के साथ इसका समापन होगा। उच्च शिक्षा सचिव श्री के. संजय मूर्ति, स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव श्री संजय कुमार और कौशल विकास एवं उद्यमशीलता सचिव श्री अतुल कुमार तिवारी ने आज प्रेस वार्ता में मीडिया से बातचीत की और पुणे में होने वाली आगामी जी20 चौथी शिक्षा कार्य समूह की बैठक, मंत्रिस्तरीय बैठक, जनभागीदारी कार्यक्रमों और अन्य के बारे में जानकारी दी।

संजय मूर्ति ने बताया कि पिछली बैठकों की तरह ईडीडब्ल्यूजी की मुख्य बैठक से पहले एक सेमिनार होगा और यह मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान के प्राथमिकता वाले क्षेत्र पर आधारित होगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, यूएसए, यूएई, सऊदी अरब, चीन और यूके जैसे देशों ने सेमिनार के विषय पर अपनी रुचि जाहिर की है और ये पैनलिस्ट के रूप में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि जी-20 की ईडीडब्ल्यूजी मीटिंग से पहले उच्च शिक्षा विभाग 16 जून को आईआईएसईआर, पुणे में ईएलएसईवीआईईआर के सहयोग से एक सेमिनार आयोजित कर रहा है। यह सेमिनार 'एक्सेसिबल साइंस: फोस्टरिंग कोलैबरेशन' विषय पर केंद्रित होगा। इस आयोजन में वैज्ञानिक समुदाय के विभिन्न हितधारक हिस्सा लेंगे और विज्ञान की सुलभता की सर्वोत्तम प्रथाओं की चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि कैसे अलग-अलग स्थानीय क्षमताओं के साथ अलग-अलग देशों में विज्ञान को सुलभ बनाया जा सकता है और वैश्विक प्रगति में सहयोग के लिए विज्ञान की विधियों के इस्तेमाल के तरीकों पर भी बात होगी।