कश्मीर के 8 और हिमाचल के 4 जिलों में बर्फीले तूफान का अलर्ट


मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कश्मीर के 8 और हिमाचल प्रदेश के 4 जिलों में बर्फीले तूफान का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सैलानियों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर की आपदा प्रबंधन अथॉरिटी ने कहा है कि राज्य के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन, बांदीपोर और कुपवाड़ा जिलों में मध्यम खतरे के स्तर का हिमस्खलन और बारामुला और गांदरबल जिलों में कम खतरे के स्तर का हिमस्खलन होने की आशंका है। अथॉरिटी ने लोगों को सावधानी बरतने और इन क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।

हिमाचल प्रदेश के 4 जिलों में खतरे की आशंका जताई गई है। स्नो एंड एवलांच स्टडी एस्टेब्लिशमेंट (SASE) मनाली ने चेतावनी जारी करते हुए कुल्लू, लाहौल स्पीति, चंबा के पांगी और किन्नौर जिले में ग्लेशियर व हिमखंड गिरने की आशंका जताई है। चेतावनी के अनुसार, जिला कुल्लू के नेहरू कुंड, कुलंग, पलचान, कोठी, रोहतांग पास, सोलंगनाला, धुंधी, व्यासकुंड, साउथ पोर्टल और बंजार, आनी उपमंडल को आपस में जोड़ने वाले जलोड़ी दर्रा में पहाड़ियों से हिमस्खलन होने का खतरा है। जनजातीय जिला लाहौल स्पीति में कोकसर, सिसु, तांदी, दारचा, सरचू, उदयपुर, कीर्तिंग, छतडू, बातल, लोसर, सूमदो आदि क्षेत्रों में पहाड़ियों से ग्लेशियर गिरने की चेतावनी जारी की गई है। किन्नौर जिले के कल्पा और पूह की पहाड़ियों से हिमखंड गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि चंबा के किलाड क्षेत्र में भी कई जगह हिमखंड गिरने की संभावना बनी हुई है।

DGRE ने भी जारी की चेतावनी
डेफेंस जियो इंफोर्मेटिक्स रिसर्च एस्टेब्लिशमेंट (DGRE) की ओर से भी ग्लेशियर और हिमखंडों के गिरने की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही आपदा प्रबंधन के माध्यम से लोगों को ऐसे क्षेत्रों की ओर न जाने की सलाह दी गई है, जहां हिमखंडों के गिरने का खतरा बना हो। जिला प्रशासन कुल्लू और लाहौल स्पीति ने भी पर्यटकों के साथ-साथ लोगों से आग्रह किया है कि वे हिमस्खलन क्षेत्र की ओर न जाएं। मौसम साफ होने के बाद हिमखंड और ग्लेशियर गिरने का खतरा ज्यादा होता है।