चंडीगढ़. जिस मामले में नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) लगातार बचते आ रहे थे आखिरकार उस मामले में उन्हें एक साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है. पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को 34 साल पुराने रोड रेज केस में सुनाई है. लेकिन संभावना जताई जा रही है कि गिरफ्तारी से पहले सिद्धू आत्मसमर्पण कर सकते हैं. हालांकि नवजोत सिंह सिद्धू को पहले इस मामले में राहत मिल गई थी. लेकिन रोड रेज में जिस शख्स की मौत हुई थी, उसके परिवार ने रिव्यू पिटीशन दायर की थी. अब उस पर सुनवाई करते हुए सिद्धू को एक साल सश्रम यानी कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है, जिससे सिद्धू और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है. माना जा रहा है कि सिद्धू शुक्रवार दोपहर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर सकते हैं. दरअसल, कोर्ट का फैसला आने के बाद सिद्धू अमृतसर रवाना हो गए थे. हालांकि बाद में वे अपने पटियाला स्थित घर पर वापस आ गए हैं. ये संकेत हैं कि सिद्धू पटियाला में आत्मसमर्पण करना चाहते हैं.
माना जा रहा है कि सिद्धू ने पटियाला जेल को चुना है, जो पंजाब की दूसरी जेलों की तुलना में अधिक सुरक्षित और साफ मानी जाती है. सूत्रों के मुताबिक नवजोत सिंह सिद्धू और उनके परिवार के सदस्य भविष्य की कार्रवाई के लिए अपने वकीलों से सलाह ले रहे हैं. सिद्धू सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका (Curative Petition) भी दाखिल कर सकते हैं. बहरहाल सिद्धू को मिली सजा राजनीतिक गलियारों में भी खासे चर्चा का विषय बनी हुई है.