थाने में रेप करने वाला SI भरत सिंह जादौन निलंबित, अधिकारियों और अन्य पुलिस कर्मियों पर भी गिरी गाज


जयपुर. ​महिला दिवस से ठीक एक दिन पहले राजस्थान में एक ऐसी शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई जिसमें पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. जिस थाने में पीड़िता न्याय मांगने गई उसी थाने में उस महिला का किसी और ने नहीं बल्कि खुद सब इंस्पेक्टर ने रेप किया. अलवर के खेड़ली थाने में थाना परिसर में हुई इस घटना के बाद जहां रविवार को सब इंस्पेक्टर भरत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया वहीं आरोपी सब इंस्पेक्टर भरत सिंह, खेड़ली थानाधिकारी हनुमान सहाय को निलंबित कर दिया गया. इतना ही नहीं मामले में लक्ष्मणगढ़ सीओ अशोक चौहान को भी एपीओ कर दिया गया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए जहां खुद जयपुर रेंज आईजी हवासिंह घुमरिया ने थाने पहुंचकर आरोपी सब इंस्पेक्टर को खुद की मौजूदगी में गिरफ्तार करवाया. वहीं दूसरी ओर थाने में मौजूद हर पुलिसकर्मी की लापरवाही और भूमिका की भी इसमें जांच की जा रही है. 


जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के मुताबिक 26 वर्षीय महिला ने परिवाद दिया कि उसका पति उसे तलाक देना चाहता है और वह उससे तलाक नहीं लेना चाहती. इस संबंध में उसके पति को पाबंद किया जाए. इस मामले में कार्रवाई करने की एवज में खेड़ली थाने में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर भरत सिंह जादौन ने कार्रवाई के नाम पर महिला को बुलाया और उसके साथ दो, तीन और चार मार्च को लगातार तीन दिन तक थाना परिसर में बने अपने आवास पर ले जाकर बलात्कार किया. घटना के संबंध में रविवार को महिला ने पुलिस थाने में शिकायत दी थी. जिस पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए दौसा निवासी आरोपी थाने के सैकेंड अफसर सब इंस्पेक्टर भरत सिंह जादौन को गिरफ़्तार कर लिया गया.