नई दिल्ली। श्रद्धा वालकर मर्डर केस में श्रद्धा के पिता विकास वॉकर ने जहां वसई पुलिस पर आरोप लगाया कि अगर वो ऐक्शन लेती तो श्रद्धा आज जीवित होती। वहीं दिल्ली पुलिस पर भरोसा जताते हुए कहा कि श्रद्धा मर्डर केस में न्याय मिलेगा। इधर, श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब की आज न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। श्रद्धा के पिता विकास वालकर शुक्रवार को पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि अभी जांच सही चल रही है, लेकिन वसई पुलिस पहले इस मामले को गंभीरता से लेती तो शायद मेरी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता जैसा मेरी बेटी के साथ हुआ वैसा किसी और के साथ हो। मैं अपनी बेटी के लिए न्याय चाहता हूं, इसलिए उसके हत्यारे आफताब को फांसी मिले। मैंने अपनी बेटी से बात करने की कोशिश की, लेकिन पिछले दो सालों में उसने मुझे कोई जवाब नहीं दिया। मुझे कभी नहीं बताया गया कि मेरी बेटी के साथ क्या हो रहा है। उन्होंने बताया कि आखिरी बार मेरी श्रद्धा से 2021 में बात हुई थी। उसने बताया वह बेंगलुरु में रहती है। मैंने 26 सितंबर को आफताब से बात की और बेटी के बारे में पूछा तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने हमें भरोसा दिलाया है कि हमें न्याय मिलेगा। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मुझे न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। मैं आफताब पूनावाला के लिए भी इसी तरह के सबक की उम्मीद करता हूं जैसे उसने मेरी बेटी की हत्या की। घटना में शामिल आफताब के परिजन, रिश्तेदारों और अन्य सभी के खिलाफ जांच की जाए। मुझे लगता है कि आफताब के परिवार को पता था कि वह श्रद्धा के साथ क्या कर रहा था। डेटिंग ऐप्स की वजह से ही श्रद्धा आफताब के संपर्क में आई। आफताब ने ही श्रद्धा को घर छोड़ने के लिए बहकाया। 18 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों को कुछ हद तक नियंत्रित किया जाना चाहिए। जो मेरे साथ हुआ वो किसी और के साथ ना हो।