स्वर्गीय कर्नल बैंसला के अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में मंत्री अशोक चांदना के खिलाफ फेंके गए जूते-चप्पल, जताई नाराजगी


अजमेर। गुर्जर आरक्षण आंदोलन प्रणेता रहे स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की अस्थियों का विसर्जन पुष्कर में हुआ। यहां 52 घाटों पर सोमवार शाम करीब चार बजे विसर्जन किया गया। इससे पहले पुष्कर के मेला ग्राउंड में एमबीसी समाज (गुर्जर, रेबारी, राइका, देवासी, गड़रिया, बंजारा, गाडरी, गायरी, गाडोलिया लुहार) सभा हुई। इसमें खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना जैसे ही भाषण देने आए लोगों ने जूते और अन्य सामान फेंककर विरोध जताना शुरू कर दिया।

अचानक हुई इस घटना से सभा स्थल परअफरा तफरी का माहौल बन गया। व्यवस्था संभाल रहे पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों में अनहोनी घटित होने की संभावना व्यक्त होने लगी। लेकिन इसके बाद समाज के वरिष्ठ लोगों ने स्थिति को काबू में किया। सभा स्थल पर सचिन पायलट समर्थित युवा ने पायलट जिंदाबाद के नारे लगाए।

हंगामे और जूते फेंकने के मामले में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विजय बैंसला ने कहा कि यह हादसा है। यह कम्युनिटी सेंटिमेंट नहीं। जो हुआ, वो एक कोने में बैठे कुछ लोगों ने किया। जिन्होंने जूते फेंके, दो चार जूते हमारे पास हैं। आकर ले जाएं। सचिन पायलट को लेकर नाराजगी थी कि वे नहीं आ पाए। वे बिजी रहे होंगे। लोग नहीं समझ पाए। जिनको समझ में आई, वो चुप थे।

कार्यक्रम में दोनों पार्टियों के लोग थे। कोई विवाद नहीं। कार्यक्रम में लोकसभा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत, आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्रसिंह राठौड़, भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, विधायक वासुदेव देवनानी आदि भी पहुंचे । समारोह में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट नहीं पहुंच पाए हैं। डॉ.सतीश पूनिया भी मंच पर पहुंचे तो सचिन पायलट जिन्दाबाद के नारे लगे।

इस दौरान कर्नल बैंसला जिंदाबाद के भी नारे लगातार लगते रहे। पायलट समर्थक नारे लगाते हुए मंच की तरफ बढ़े तो हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने बमुश्किल खदेड़कर माहौल शांत किया। शहीद हुए समाज के लोगों के परिजन का सम्मान भी किया।