शेयर मार्केट किंग राकेश झुनझुनवाला का निधन, PM मोदी सहित कई दिग्गजों ने जताया शोक


मुंबई। महज ₹5000 से अपना व्यापार शुरू करके कारोबार को हजारों करोड़ तक पहुंचाने वाले भारत के वॉरेन बफेट कहे जाने वाले शेयर मार्केट के किंग राकेश झुनझुनवाला का निधन हो गया है। वो 62 साल के थे। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल लाया गया था। झुनझुनवाला को 2-3 सप्ताह पहले ही अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। ब्रीच कैंडी अस्पताल ने उनके निधन की पुष्टि कर दी है। आज सुबह 6 बजकर 45 बजे अस्पताल ने राकेश झुनझुनवाला की मौत की पुष्टि की। बता दें कि राकेश झुनझुनवाला को भारत का वारेन बफेट भी कहा जाता है। शेयर मार्केट से पैसा बनाने के बाद बिग बुल एयरलाइन सेक्टर में भी उतर चुके थे। उन्होंने नई एयरलाइन कंपनी आकासा एयर में मोटा इन्वेस्टमेंट किया था और 7 अगस्त से कंपनी ने ऑपरेशन शुरू कर दिया है। स्टॉक मार्केट में निवेश करने वाले झुनझुनवाला के पास आज हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति है।

राकेश झुनझुनवाला की कुल नेटवर्थ करीब 40 हजार करोड़ रुपये है। यहां बता दें कि आकासा एयर में सबसे बड़ी हिस्‍सेदारी राकेश झुनझुनवाला की पत्‍नी रेखा झुनझुनवाला की ही है। एयरलाइन में दोनों की कुल हिस्‍सा 45.97 फीसदी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई दिग्गजों ने उनके निधन पर शोक जताया है।

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने शोक संदेश में कहा कि शेयर बाजार के सबसे बड़े निवेशकों में से एक एवं राजस्थानी मूल के व्यवसायी श्री राकेश झुनझुनवाला के निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हाल ही में उन्होंने अकासा एयरलाइंस भी लॉन्च की थी। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं इस दुख की घड़ी में परिजनों को हौसला देने की प्रार्थना करता हूं।