हरियाणा। पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के स्कूल में बच्चे से यौन शोषण का मामला सामने आया है। हरियाणा के झज्जर में सहवाग के स्कूल में 8 साल के एक बच्चे के यौन शोषण के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है है। यह इंटरनेशनल लेवल का स्कूल है। इसके फाउंडर वीरेंद्र सहवाग और चेयरपर्सन उनकी पत्नी आरती हैं।
पुलिस के मुताबिक बच्चा अभी डरा हुआ है और कुछ भी खुलकर नहीं बता पा रहा। लेकिन शक उसके साथ हॉस्टल में ही रहने वाले बच्चों या स्कूल स्टाफ पर है। झज्जर के एसपी वसीम अकरम ने बताया कि बच्चे की मेडिकल जांच में यौन शोषण की पुष्टि हुई है। इस केस की जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है। इस मामले में जेजे एक्ट और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
15 अगस्त को रात की यह घटना बताई जा रही है और मेडिकल में यौन शोषण की पुष्टि हो गई है। इसका पता चलने पर बच्चे के पिता ने झज्जर के SP वसीम अकरम से मिलकर शिकायत की। पहले पुलिस बच्चे से ही जानना चाहती थी कि उसके साथ यह हरकत किसने की, लेकिन वह बेहद डरा हुआ है और कुछ भी नहीं बता पा रहा। ऐसे में पुलिस ने मेडिकल जांच में बच्चे के यौन शोषण की पुष्टि होने के बाद शुक्रवार रात इस केस में एफआईआर दर्ज की जिसके बाद यह मामला उजागर हुआ।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित छात्र ने अप्रैल-2022 में ही झज्जर स्थित सहवाग इंटरनेशनल स्कूल में एडमिशन लिया। वह UP के हाथरस का रहने वाला है। घर से दूर होने की वजह से परिजन ने उसे स्कूल के हॉस्टल में ही एडमिशन दिला दिया।