नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार ईश मधु तलवार


जयपुर।

वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार पिंक सिटी प्रेस क्लब एवं राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष ईश मधु तलवार का गुरुवार देर रात कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित पत्रकार जगत और कई गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

बता दें कि ईशमधु तलवार पत्रकार, कथाकार, नाटककार और व्यंग्यकार के रूप में अपनी एक अलग पहचान रखते थे। इनकी बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार दान सिंह के जीवन संघर्ष पर लिखी पुस्तक वो तेरे प्यार का गम राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित होकर चर्चा में रही है। ईशमधु तलवार राजस्थान साहित्य अकादमी की ओर से साहित्यिक एवं रचनात्मक पत्रकारिता के लिए 2013 में पुरस्कृत हो चुके हैं। अनेक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में रचनाओं का प्रकाशन। गजल सम्राट मेहदी हसन पर उनके पैतृक गाँव लूणा को लेकर एक बड़ा आलेख पाकिस्तान के मशहूर जंग समूह के अंग्रेजी अखबार द न्यूज में छपा, जो काफी चर्चित हुआ। आकाशवाणी और दूरदर्शन पर कहानियों, वार्ताओं का प्रसारण और समसामयिक विषयों पर धारावाहिकों का निर्माण। जयपुर दूरदर्शन के लिए सांभर झील पर बनाए गए वृत्तचित्र चाँदी का समन्दर को पर्यावरण श्रेणी में प्रसार भारती का राष्ट्रीय स्तर पर पहला पुरस्कार मिला था।