जयपुर। महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में बुधवार को प्रो. डॉ. केडी गुप्ता का जन्मशती समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी लाइब्रेरी में प्रो. गुप्ता की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज बीकानेर के एलुमिनाई ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन डॉ विकास स्वर्णकार ने स्वागत भाषण में कहा कि शिष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा गुरु सम्मान का अधिकारी होता है। इसी भावना के अनुरूप आज का शिष्य भाव से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ऑरेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन हेल्थ केयर विषय पर पद्मश्री डॉ हर्ष महाजन ने कहा कि चिकित्सा खासतौर से रेडियो डायग्नोसिस के क्षेत्र में कंप्यूटर तकनीक के बढ़ते प्रयोग ने कार्यकुशलता को बढ़ा दिया है। तकनीकी प्रभाव से सीटी स्कैन, एमआरआई, पेट स्कैन, आदि की विजुअल क्वालिटी में सुधार हुआ है, वहीं रिपोर्टिंग भी बहुत सटीक हो गई।इसके चलते मानवीय गलतियों की संभावना पर अंकुश लगा है। इससे डाटा कंपाइलेशन से लेकर उनके मूल्यांकन तक की प्रक्रिया बहुत आसान तथा तेज हो गई है।
कार्यक्रम में न्यूयॉर्क से आए सुविख्यात हिपेटोलॉजिस्ट डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि रोगी की बात सुनकर तथा समझकर 80 प्रतिशत मामलों में उसकी बीमारी की पहचान की जाती है। 20 प्रतिशत मामलों में जांच के जरिए उसकी पुष्टि की जाती है। यूनिवर्सिटी के एमेरिटस चेयर पर्सन तथा जन्म शताब्दी समारोह के संरक्षक डॉ. एम. एल. स्वर्णकार तथा डॉ. राजीव गुप्ता ने कहा कि हर वर्ष बड़े पैमाने पर वरिष्ठ एवं एलुमिनाई का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में एसपी मेडिकल कॉलेज वरिष्ठ एलुमिनाई डॉ ए. ए. सुलेमानी, डॉ. जी एल राठी, डॉ. धनपत कोचर, डॉ.राजा बाबू पंवार, डॉ. करण सिंह यादव, डॉ. किरोडी लाल मीणा, डॉ. गोविंद शर्मा, डॉ. एस के शर्मा, डॉ विजय नाहटा, डॉ दुर्गा जेठवा सहित दो दर्जन चिकित्सकों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. सुधीर सचदेव, प्रो. वाइस चांसलर डॉ जी एन सक्सैना, प्रिंसिपल डॉ स्वाति गर्ग, डॉ. बीएस शर्मा व डॉ. हेमंत मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य चिकित्सक मौजूद रहे।