नई दिल्ली। कांग्रेस को राहुल गांधी की सुरक्षा का खतरा सताने लगा है। भारत जोड़ो यात्रा में एक ओर जहां राहुल गांधी को जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने आशंका जताई है कि इस यात्रा के दौरान राहुल के साथ में कुछ भी अनहोनी हो सकती है। कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के षडयंत्रों के बीच राहुल की सुरक्षा में सेंध का मामला उठाया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है। चिंता जताते हुए राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। जिसके तहत बुधवार को कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कुछ वीडियो भी जारी किए। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी यात्रा में खलल डालने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी को ज़ेड कैटेगरी की सुरक्षा मिलने के बावजूद इस तरह की खामी चिंताजनक है। ऐसे में भारत सरकार को आगाह करना जरूरी है क्योंकि हम अब और अतिसंवेदनशील इलाको में जा रहे हैं। हमारी यह तपस्या पूरी होकर रहेगी। हालांकि यात्रा को रोकने के लिए षड्यंत्र जारी हैं। यात्रा को बदनाम करने की भी लगातार कोशिश की जा रही है। कांग्रेस ने कहा हम चेतावनी दे रहे हैं कि यात्रा को तोड़ने के प्रयास में आप सफल नहीं होंगे। उधर कांग्रेस की स्थापना के 137 साल आज पूरे होने पर दिल्ली में 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर हुए कार्यक्रम में अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी का झंडा फहराया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी भी इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद रहे। वहीं कड़ाके की ठंड के बीच राहुल गांधी के एक टी-शर्ट पहनने पर जब राहुल से इस बारे में सवाल किया गया तो राहुल ने कहा कि अभी तो टी शर्ट ही चल रही है, जब काम नहीं करेगी तो देखेंगे।