रूस ने यूक्रेन पर हमला किया और कहा- जो दखलंदाजी करेगा वह भी अंजाम भुगतेगा, भारत की हालातों पर पैनी नजर


दुनिया की परवाह किए बिना रूस ने आखिरकार जंग की शुरुआत कर दी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सैन्य कार्रवाई के ऐलान के बाद यूक्रेन में कई जगह धमाके सुनाई दिए हैं। अमेरिका लगातार रूस को इसके अंजाम भुगतने की चेतावनी दे रहा है लेकिन रूस ने साफ कहा है कि जो भी दखलंदाजी करेगा उस देश को भी परिणाम भुगतने होंगे।

यूक्रेन की राजधानी कीव पर तो क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला होने की जानकारी मिली है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन-रूस के युद्ध को टाला नहीं जा सकता। इसलिए रूस स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन लॉन्च कर रहा है। जिसका मकसद यूक्रेन पर कब्जा करना नहीं है।

पुतिन ने यूक्रेन की सेना को कहा है कि वह हथियार डालें और अपने घर जाएं. उधर रूसी सेना के घुसने के बीच यूक्रेन ने अपने यहां मार्शल लॉ लगा दिया है। बिगड़ते हालातों के बीच कीव एयरपोर्ट को खाली करा लिया गया है। वहां मौजूद स्टाफ और यात्रियों को निकाला गया है। यूक्रेन की राजधानी कीव के बाद वहां Odessa, Kharkiv, Donetsk में कई धमाके सुनाई दिए हैं।

उधर भारत सरकार का एक विशेष दल लगातार इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और इस युद्ध के भारत पर पड़ने वाले असर पर भी आकलन लगातार किया जा रहा है। और उन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक रणनीति भी तैयार की जा रही है।