जोधपुर।
गंगाना गांव के पास बकरा मंडी इलाके में दो वाहनों में टक्कर के बाद हंगामा हो गया. गाड़ी चालक का आरोप है कि वह अकेला था, जैसे ही टक्कर मारने का विरोध किया तो बकरा मंडी से समुदाय विशेष के दर्जनों लोग आ गए और इस पर हमला बोल मारपीट के साथ ही पथराव शुरू कर दिया. सूत्रों की माने तो झगड़े को दो समुदाय के बीच झगड़े का रूप देने का प्रयास किया गया, लेकिन समय रहते पुलिस ने स्थिति को संभाल कर मामले को शांत करवा दिया. हालांकि झगड़े में दो लोग चोटिल भी हुए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पर यहां पुलिस सुपर एक्टिव एक्शन लेते नजर आई। जिला कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर लगातार मामले पर नज़र बनाए हुए हैं।
बताया जा रहा है मामूली बात पर हुए इस विवाद में गुरुवार को एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक घर पर धावा बोल दिया। उपद्रवियों पर घर पर पत्थर फेंकने और महिलाओं के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बात कर मामले को शांत करवाया। वहीं, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला करने और वैन में तोड़फोड़ करने का मामला दर्ज कराया है। दरअसल, राजीव नगर स्थित बकरामंडी में पाक विस्थापित हिंदू परिवारों की बस्ती है। यहां कार साइड करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस ने बताया कि हिंदू बस्ती निवासी भूरा राम की यहां किराने की दुकान और घर है। वह अपनी वैन लेकर आ रहा था। उसके सामने बकरा मंडी से आए एक युवक ने अपनी बोलेरो पिकअप लगा दी। इस बात पर दोनों में बहस हो गई।
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में भी जोधपुर में ईद से पहले झंडा फहराने को लेकर भी दो गुटों में सांप्रदायिक तनाव हो गया था, जिसमे कई लोग घायल हो गए थे और सैंकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया था।