नई दिल्ली। दुनिया के कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भारत ने 6 देशों से आने वाले यात्रियों के लिए 1 जनवरी 2023 से निगेटिव आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट अनिवार्य कर दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, हॉन्गकॉन्ग, थाईलैंड और सिंगापुर से आने वाले पैसेंजर्स के लिए 1 जनवरी से आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट अनिवार्य होगी। इन पैसेंजर्स को यात्रा से पहले अपनी 72 घंटे पुरानी निगेटिव आरटीपीसीआर टेस्ट रिपोर्ट एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
इधर, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने केंद्र सरकार को कोवीशील्ड की दो करोड़ डोज फ्री देने की घोषणा की है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यूएई से आने वाले पैसेंजर्स के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य कर दिया है। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। सभी को सैनिटाइजर-थर्मल स्क्रीनिंग का इस्तेमाल करना होगा।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि जनवरी के मध्य में भारत में कोरोना के मामले बढ़ सकते हैं। पिछले ट्रेंड्स के एनालिसिस के बाद यह माना जा रहा है कि अगले 40 दिन देश के लिए मुश्किल होंगे। सूत्रों के मुताबिक देश में कोरोना की एक और लहर आ सकती है। ऐसे में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की जा रही है। दरअसल, ऐसा देखा गया है कि ईस्ट एशिया को प्रभावित करने के 30 से 35 दिनों बाद ही भारत में नई लहर पहुंची थी।