पुलिस ऑफिसर ने रिश्वत में मांगी अस्मत, एसीबी ने किया ट्रैप


जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचारियों की खैर नहीं है। राजस्थान ACB के डीजी बीएल सोनी और ADG दिनेश एमएन के निर्देशन में भ्रष्टाचारियों के खिलाफ चल रही बड़ी मुहिम में एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। सोनी के निर्देश पर जयपुर में तैनात राजस्थान पुलिस महकमे के सीनियर पुलिस ऑफिसर आरपीएस कैलाश बोहरा को एसीबी ने ट्रैप किया है। कैलाश बोहरा पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला से काम के बदले रिश्वत में उसकी अस्मत मांगी। एसीबी ने इसका पूरा सत्यापन किया तो मामला सही पाया गया और जैसे ही एसीपी महिला की अस्मत से खेलने की तैयारी कर रहे थे तो ACB ने तुरंत उन्हें ट्रैप कर लिया। बड़ी बात यह है कि जिस पुलिस ऑफिसर को महिलाओं के संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी उसी ने महिला की अस्मत मांगी आरोपी कैलाश बोहरा ईस्ट जिले में महिला अत्याचार यूनिट में तैनात था।

और जिस महिला से रिश्वत मांगी गई वह बलात्कार के एक मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग इस पुलिस अधिकारी से कर रही थी। जिसके बदले में बलात्कार के आरोपियों पर कार्रवाई तो दूर की बात खुद ही बलात्कारी बन कर उसका शोषण करने लगा। पहले रिश्वत में पैसे मांगे और फिर इज्जत।