सामने आई सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे की वजह, अफवाहों पर लगा विराम


नई दिल्ली. सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे पर रिपोर्ट (CDS General Bipin Rawat's Helicopter Crash Report) का पूरे देश को इंतजार था. हर कोई जानना चाहता था कि आखिर इस हादसे की वजह क्या रही. Helicopter Crash कैसे हुआ. यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ था. ऐसे में हादसे की जांच के संबंध में गठित कोर्ट ऑफ इंक्वायरी टीम की रिपोर्ट से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हेलिकॉप्टर क्रैश होने का एक बड़ा कारण खराब मौसम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है. अब लीगल विंग के पास कानूनी सलाह के लिए इसे भेजा गया है. जल्द यह रिपोर्ट वायुसेना प्रमुख को सौंप दी जाएगी. बहरहाल वायुसेना की ओर से रिपोर्ट को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है. 

पर सूत्रों के हवाले से मीडिया ने बताया कि खराब मौसम की वजह से पायलट 'डिसओरिएंट' हो गए होंगे, जिसके चलते हादसा हो गया. तकनीकी भाषा में इसे सीएफआईटी यानि ‘कंट्रोल्ड फ्लाइट इंटू टेरेन’ के नाम से जाना जाता है. इसमें इस पहलू की भी जांच की गई है कि जब हेलीकॉप्टर उतरने की तैयारी कर रहा था, तब चालक दल के दिशाभ्रमित होने का कहीं यह मामला तो नहीं है.

बता दें कि तमिलनाडु में कुन्नूर के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और 13 अन्य की मृत्यु हो गई थी. दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर एमआई-17वी5 का ब्लैक बॉक्स और कॉकपिट वॉयस रिकार्डर दुर्घटना स्थल से नौ दिसंबर को बरामद किया गया था. जिसके बाद इस जांच रिपार्ट का लगातार इंतजार किया जा रहा था.